Advertisement Carousel

स्कूल के मिड डे मील का चावल अपनी कार में लोड कर घर ले जा रहे थे प्रधानपाठक, ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ा, चोरी का लगाया आरोप, जांच में जुटी पुलिस

सूरजपुर। जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत माध्यमिक शाला रामपुर के प्रधानपाठक पर मध्याह्न भोजन का चावल चोरी करने का आरोप लगा है। ग्राम पंचायत रामपुर के ग्रामीणों और सरपंच प्रतिनिधि ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना पुलिस थाना ओड़गी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को दे दी गई है, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों के अनुसार माध्यमिक शाला रामपुर के प्रधानपाठक राणा गुप्ता 3 मार्च की शाम करीब 6 बजे अपने कार क्रमांक सीजी 15 सी 3559 में मध्याह्न भोजन योजना के करीब 2 बोरी चावल (लगभग 1 क्विंटल) लोड कर अपने घर ले जा रहे थे। आरोप है कि उस समय स्कूल में अन्य शिक्षक और बच्चे मौजूद नहीं थे।

बताया जा रहा है कि इस संबंध में सूचना मिलने पर रामपुर के सरपंच प्रतिनिधि राजेश बियार ने वाहन को बीर सिंह के घर के पास रोकने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी नहीं रोकी गई। इसके बाद राजेश बियार ने बाइक से पीछा कर वाहन को ब्रिजेश काशी के घर के पास रुकवाया। वहां पंचों और ग्रामीणों की मौजूदगी में गाड़ी की डिग्गी खुलवाकर जांच की गई, जिसमें दो बोरी चावल बरामद हुआ।

ग्रामीणों के अनुसार जब प्रधानपाठक राणा गुप्ता से इस संबंध में पूछताछ की गई तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। वहीं शासकीय उचित मूल्य दुकान रामपुर के विक्रेता से पूछने पर उन्होंने बताया कि 3 मार्च को ही यहां से 4 बोरी चावल लिया गया था।

मामले की सूचना पुलिस थाना ओड़गी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को दी गई है। इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी ओड़गी ने बताया कि उन्हें घटना की लिखित शिकायत मिली है। यह चोरी का मामला है और पुलिस टीम इसकी जांच कर रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।