रायपुर। तेलीबांधा इलाके में मेन रोड से लगे बैंक में चोरों ने धावा बोला। गैस सिलेंडर लेकर भीतर घुसे और कैश चेस्ट को काटने की कोशिश की। इसमें सफल नहीं हो पाए। इसके बाद भाग निकले, लेकिन घटना से रात्रि पेट्रोलिंग पर सवाल खड़े हो गए हैं। बैंक तेलीबांधा थाने से कुछ ही दूरी पर जोरा में है। घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस के मुताबिक जोरा मुख्य मार्ग पर मौजूद यूको बैंक में शनिवार-रविवार की रात अज्ञात चोर गिरोह ने धावा बोला। बैंक की दो में से एक खिड़की को तोड़कर चोर भीतर घुसे। इसके बाद बैंक के हर कमरे की तलाशी ली। चोर अपने साथ गैस कटर और तीन गैस सिलेंडर ले गए थे। गैस कटर से स्ट्रांग रूम में लगे लोहे के चैनल गेट को काटकर भीतर घुसे। इसके बाद कैश चेस्ट को काटने लगे, लेकिन इसमें सफल नहीं हो पाए। गैस सिलेंडर, गैस कटर आदि वहीं छोड़कर भाग निकले। बैंक के पीछे खाली मैदान है। आशंका है कि चोर उसी रास्ते से फरार हो गए। चोरों की संख्या 5 से 6 होने की आशंका है।
सीसीटीवी कैमरे को तोड़ा, डीवीआर ले गए
चोर काफी प्रोफेशनल हैं। चोरों ने बैंक के सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और फुटेज स्टोर होने वाले डीवीआर को अपने साथ ले गए। घटना शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि की है। बैंक का अलार्म सिस्टम भी खराब था। इस कारण इसका पता नहीं चल पाया। सोमवार सुबह बैंक के कर्मचारी पहुंचे, तब चोरी की कोशिश का पता चला।
चोरों में खौफ नहीं
यूको बैंक तेलीबांधा-मंदिरहसौद मेन रोड पर है। यहां दिनरात वाहनों का आना-जाना और लोगों की चहल-पहल रहती है। इसके बावजूद चोरों ने बैंक में चोरी की कोशिश की। इससे पुलिस के रात्रि गश्त पर सवाल खड़े हो गए हैं। चोरों को इसका भी खौफ नहीं रहा।









