Advertisement Carousel

Amit Shah CG Visit : केंद्रीय गृह मंत्री का छत्तीसगढ़ दौरा आज, कोरबा में भरेंगे हुंकार, सरोज पांडे के लिए मांगेगे वोट

Amit Shah CG Visit

कोरबाः Amit Shah CG Visit केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज कोरबा लोकसभा सीट के कटघोरा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। जानकारी के मुताबिक दोपहर 1 बजे उनकी सभा होगी। शाह के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। बताया जा रहा है कि अमित शाह कटघोरा में आदिवासी समुदाय को साधने की कोशिश करेंगे। कोरबा लोकसभा की 8 विधानसभा सीटों में से 6 पर बीजेपी के विधायक हैं। मनेंद्रगढ़, भरतपुर-सोनहत, बैकुंठपुर, मरवाही में बीजेपी का कब्जा होने के बाद भी यहां के कार्यकर्ता बिखरे हुए हैं। वहीं, रामपुर और पाली-तानाखार में बीजेपी की स्थिति पहले से ही कमजोर है।

16 महीने में तीसरी बार कोरबा का दौरा

Amit Shah CG Visit कोरबा शहर में बीजेपी की स्थिति बेहतर है और नेता भी यहां से बढ़त को लेकर आश्वस्त हैं। यही वजह है कि शाह की सभा को कोरबा की बजाय कटघोरा में करने का फैसला लिया गया है। शाह 16 महीने में तीसरी बार जिले के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे पार्टी प्रत्याशी सरोज पांडेय के पक्ष में वोट मांगेंगे। बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य सरोज पांडेय को पार्टी ने कोरबा संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके लिए कई स्थानीय नेता दावेदार थे। स्वाभाविक रूप से उनमें निराशा है, लेकिन खुलकर नहीं बोल रहे।

लखनलाल को बड़ा आदमी बनाने का किया था वादा

पिछली बार शाह विधानसभा चुनाव से पहले आए थे और उस दौरान उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी लखनलाल देवांगन से कहा था कि वह बड़े आदमी बनेंगे और उन्हें मंत्री बनाया गया। कहा जा रहा है कि इस बार भी शाह अपने पिटारे से कुछ न कुछ जरूर निकालेंगे।