मुख्यमंत्री बघेल ने कहा-मोबाईल की 5 जी तकनीक से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि समेत कई क्षेत्रों में खुलेंगे विकास के नए अवसर
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास कार्यालय में शनिवार 14 जनवरी की शाम एक कार्यक्रम में जियो ट्रू 5जी सेवा की शुरुआत की। इस लॉन्च के साथ छत्तीसगढ़ के 3 शहरों राजधानी रायपुर, दुर्ग और भिलाई में जियो ट्रू 5जी सेवाएं शुरू हो गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जिओ ट्रू 5जी प्रारंभ करते हुए बड़ी खुशी हो रही है। 5जी सेवा लॉन्च होने से छत्तीसगढ़ में ई-गवर्नेस, कृषि, उर्जा, शिक्षा, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, लोक आधारित टूरिज्म, स्वयं सहायता समूहों का सशक्तिकरण, आईटी और एसएमई कारोबार जैसे क्षेत्रों में विकास के नए अवसर खुलेंगे।
उन्होंने कहा कि आजकल टेक्नोलॉजी का जमाना है, टेक्नोलॉजी से जो दूर रहता है वह पिछड़ जाता है। कोरोनाकाल में सभी ने टेक्नोलॉजी का प्रयोग किया। उस समय हम सभी ने ऑनलाइन मीटिंग की। सभी समीक्षाएं ऑनलाइन हुईं, बच्चों ने पढ़ाई ऑनलाइन की, ये सभी बढ़ती हुई टेक्नोलॉजी के कारण ही संभव हुआ।
हम सभी आज इंटरनेट का प्रयोग करते हैं और इंटरनेट के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है। आधुनिक युग के युवा बहुत फास्ट है जो तकनीक का प्रयोग कर रहे हैं, बढ़ती हुई एवं बदलती हुई टेक्नोलॉजी से हम सबको जुड़ाना चाहिए। मोबाईल क्षेत्र 5जी के उपयोग से मरीजों को गोल्डन पीरियड में बहुत मदद मिलेगी।
जियो ने कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में जियो ट्रू 5जी के परिवर्तनकारी फायदे बताते हुए मुख्यमंत्री को 5जी यूज केस का डेमो भी दिया।
ट्रू 5जी से हमारे राज्य की पहल हाइट (HEIGHT) को बढ़ावा मिलेगा। समग्र विकास (एच), शिक्षा (ई), इंफ्रास्ट्रक्चर (आई), गवर्नेस (जी), हेल्थ (एच) और ट्रांसफॉर्मेशन (टी) से हर क्षेत्र नई ऊंचाई छुएगा और संपूर्ण अर्थव्यवस्था खासतौर पर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही ट्रू 5जी से छोटे कारोबारों को मदद होगी और युवाओं को ‘नवा छत्तीसगढ़’ बनाने के लिए नौकरियों के मौके मिलेंगे।
इस मौके पर जियो के अधिकारी ने कहा कि ” जियो को मकर संक्रांति, लोहरी और बिहू के पावन पर्व पर अपनी जियो ट्रू 5जी सेवा छत्तीसगढ़ में लॉन्च करते हुए गर्व हो रहा है। जियो राज्य में सबसे पसंदीदा ब्रांड हैं और दो तिहाई बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी है। इस क्षेत्र से तीन चौथाई डेटा ट्रैफिक आता है।
जियो ट्रू 5जी सेवा लॉन्च होने से ई-गवर्नेंस, कृषि, उर्जा, शिक्षा, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, लोक आधारित टूरिज्म, स्वयं सहायता समूहों का सशक्तिकरण, आईटी और एसएमई कारोबार जैसे क्षेत्रों में विकास के नए अवसर खुलेंगे। हम छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, राज्य सरकार और छत्तीसगढ़ प्रशासनिक टीम को राज्य को डिजिटाइज करने के हमारे मिशन में उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देते हैं।”
14 जनवरी से जियो यूजर्स को जियो वेलकम ऑफर के तहत आमंत्रित किया जाएगा। इन यूजर्स को 1 Gbps+ की स्पीड से मुफ्त में अनलिमिटेड डेटा मिलेगा।
कार्यक्रम में विधायक सत्यनारायण शर्मा, विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।









