राहुल ने मलप्पुरम से ‘भारत जोड़ो
यात्रा’ के 20 वें दिन की शुरुआत की
मलप्पुरम (केरल)। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत राहुल गांधी ने पार्टी के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ केरल के मलप्पुरम जिले से मंगलवार 27 सितंबर को पदयात्रा फिर शुरू की।
यात्रा राज्य के इस उत्तरी जिले के पुलमंथोल जंक्शन से सुबह शुरू हुई, जो सोमवार को पलक्कड जिले के कोप्पम में रोकी गई थी। वायनाड से सांसद गांधी के दिन में यहां किसानों से बातचीत करने की उम्मीद है।
अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के महासचिव तथा प्रभारी (संचार) जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘ भारत जोड़ो यात्रा के 20वें दिन की शुरुआत मलप्पुरम जिले के एक सजे हुए पुल से की।
आज सुबह 14 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा और दोपहर में राहुल गांधी निकटवर्ती इलाकों में किसानों से बातचीत करेंगे। मौसम अभी तक अच्छा है और नज़ारे भी बेहतरीन हैं।’’
राहुल का बीजेपी पर निशाना, बोले- देश को बांटना चाहते हैं कुछ लोग
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार 27 सितंबर को केरल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश को बांटना चाहते हैं।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे पार्टी सांसद राहुल गांधी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि अगर हम इस भीड़ की तरफ देंखें तो इसमें बहुत से लोग हैं, जिनमें प्रतिभा और होशियारी है। अगर, हम इस भीड़ की शक्ति को एकत्रित कर दें, तो हम उनसे स्कूल, शहर आदि बनवा सकते हैं।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि अब सोचिए कि हम इस भीड़ को बांट दें। इस भीड़ में मौजूद हर शख्स एक दूसरे को मारने-पीटने लग जाए, क्या हम इस भीड़ की प्रतिभा का फायदा उठा सकते हैं?
क्या हम इस भीड़ से कुछ अच्छा करवा सकते हैं? क्या हम बढ़िया शहर, अस्पताल, विश्वविद्यालय बनवा सकते हैं? कभी नहीं।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के तहत राहुल गांधी ने पार्टी के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ केरल के मलप्पुरम जिले से पदयात्रा फिर शुरू की है। यात्रा राज्य के इस उत्तरी जिले के पुलमंथोल जंक्शन से सुबह शुरू हुई।
बता दें कि कांग्रेस की 3,570 किलोमीटर लंबी और 150 दिनों तक चलने वाली कांग्रेस की यह यात्रा 5 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और यह जम्मू-कश्मीर में संपन्न होगी।














