बॉर्डर चेकपोस्ट पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात होगी,कई
महीनों से बंद है हवाई अड्डों और बार्डर चेक पोस्ट पर जांच
रायपुर। कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद छत्तीसगढ़ में सख्ती भी लौट आई है। सरकार ने अब सभी हवाई अड्डों पर बाहर से आने वाले यात्रियों की कोरोना जांच corona test करने को कहा है।
बार्डर चेकपोस्ट पर भी कोरोना जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात करने को कहा गया है। कोरोना की तीसरी लहर बीतने के बाद सरकार ने हवाई अड्डों पर जांच की अनिवार्यता वाला आदेश वापस ले लिया था।
स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार 27 जून को कोरोना संदिग्ध 10268 नमूनों की जांच की। यह इस महीने एक दिन में हुई सबसे अधिक नमूनों की जांच थी। इस दौरान 125 नए लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।
इसके बाद सरकार हरकत में आई। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी संभाग आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को एक दिशा-निर्देश जारी किया।
इसके अनुसार राज्य के सभी हवाई अड्डे पर आने वाले यात्रियों का कोविड सैंपल चेकिंग करना है। इसी तरह अन्य राज्यों से अंतरराज्यीय बार्डर चेक पोस्ट के माध्यम से आने वाले यात्रियों के लिए परिवहन विभाग के समन्वय से स्वास्थ्य जांच टीम तैनात कर कोविड सैंपल चेकिंग करने को कहा गया है। अधिकारियों का इस निर्देश का पालन कड़ाई से करने का निर्देश दिया गया है।
सरकार ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए लोगों के लिए क्या प्रोटोकॉल होगा।
अधिकारियों का कहना है, संस्थानिक क्वारंटीन के आदेश नहीं होने से यह माना जाएगा कि पॉजिटिव पाए गए लोगों को होम आइसोलेशन में रहने काे कहा जाएगा।
अभी तीन हवाई अड्डों से अंतरराज्यीय परिवहन
छत्तीसगढ़ में अभी तीन हवाई अड्डों से अंतरराज्यीय परिवहन हो रहा हैं। रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर हवाई अड्डे से दूसरे प्रदेशों से यात्रियों का आना-जाना लगा हुआ है। रायपुर हवाई अड्डे पर ही रोजाना औसतन 50 से अधिक उड़ानों का आना-जाना हो रहा है। इससे औसतन करीब 3-4 हजार यात्री रोज आते हैं।
सरकार को पहले से पता है यात्रियों की वजह से बढ़ रहा है संक्रमण
सरकार को इस महीने के दूसरे सप्ताह में ही पता चल गया था कि भीड़वाले और दूसरे राज्यों से लौटे लोगों की वजह से प्रदेश में कोरोना संक्रमण बढ़ा है। मरीजों की हिस्ट्री में यात्राओं की जानकारी आई थी। ऐसा आरोप है कि दिल्ली, महाराष्ट्र, केरल जैसे बढ़ी कोरोना दर वाले राज्यों में छुटि्टयां मनाकर लौटे लोग कोरोना लेकर आए हैं।
अब प्रदेश की औसत संक्रमण दर एक से ढाई फीसद के बीच
छत्तीसगढ़ में जून महीने में कोरोना संक्रमण दर अचानक बढ़ने लगी थी। सोमवार को यह दर 1.22% बताई गई। जबकि एक दिन पहले यह 2.17% पर थी। सप्ताह की औसत दर एक से ढाई फीसद के बीच बताई जा रही है।
अभी प्रदेश में कोरोना के 757 मरीजों का इलाज जारी है। सबसे अधिक 207 मरीज रायपुर जिले में ही हैं। उसके बाद दुर्ग जिले में 135 मरीज हैं। अब केवल सुकमा और नारायणपुर जिलों में ही कोई भी संक्रमित मरीज नहीं है।










