रक्षा मंत्रालय को डायरेक्टोरेट ऑफ नेवल
ट्रेनिंग, आईएनएस चिल्का को निर्देश जारी
नई दिल्ली। देश में अग्निपथ योजना के तहत पहली बार नौसेना में लड़कियों (female in Indian navy) की भर्तियां होने जा रही हैं। ये नाविक (सेलर) के पद पर नियुक्त होंगी। इनकी ट्रेनिंग आईएनएस चिल्का (ओडिशा) में होगी। इसे लेकर जनवरी 2022 को ही रक्षा मंत्रालय ने डायरेक्टोरेट ऑफ नेवल ट्रेनिंग, आईएनएस चिल्का को निर्देश जारी कर दिए थे।
पिछले 5 महीनों में आईएनएस चिल्का प्रबंधन ने तैयारियां पूरी कर ली है। मेल-फीमेल अग्निवीरों की ट्रेनिंग के पैरामीटर्स में बदलाव नहीं किया गया है। अग्निपथ योजना को लेकर देशभर में हल्ला मचा है। इस बीच, सेना ने भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रवक्ता विनोद चंद्र मिश्रा ने कहा कि जो निर्देश मिले हैं उन पर कार्य जारी है।
पहला बैच फरवरी 2023 में आएगा
28 जनवरी 2022 को रक्षा मंत्रालय द्वारा डायरेक्टोरेट ऑफ नेवल ट्रेनिंग को लिखे गए पत्र में सबकुछ उल्लेखित है। पत्र में लिखा है कि एक बैच में फीमेल सेलर की नियुक्ति होगी। इसमें पद, पदनाम भी दर्शाया गया है। पहला बैच फरवरी 2023 में आएगा, इसे लेकर तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आईएनएस चिल्का ही ट्रेनिंग सेंटर
आईएनएस चिल्का से मिली जानकारी के मुताबिक 1980 तक विशाखापटटनम में आईएनएस सरकार और गोवा आईएनएस मांडोवी में मेल सेलर्स को ट्रेनिंग दी जाती थी, लेकिन इसके बाद से आईएनएस चिल्का को यह दायित्व सौंपा गया था। तब से चिल्का में ही ट्रेनिंग होती आ रही है।
इन पदों पर होगी नियुक्तियां
एविएशन नॉन टेक्निक, एविएशन टेक्निक, लॉजिस्टिक,म्यूजिशियन और मेडिकल।
रायपुर में रहने वाले रिटायर्ड नेवी अधिकारी रूपेंद्र साहू कहते हैं कि यह लड़कियों के लिए देश सेवा का अच्छा अवसर है। कई लड़कियों ने तैयारी भी शुरू कर दी है।











