Advertisement Carousel

पुलिसिंग को बेहतर बनाने डीजीपी पहुंचे भिलाई, दुर्ग संभाग के पुलिस अफसरों के साथ किया मंथन

पुलिस अधीक्षकों सहित राजपत्रित अधिकारियों की ली बैठक

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के पुलिस प्रमुख (डीजीपी) अशोक जुनेजा Chhattisgarh Police Chief (DGP) Ashok Juneja ने गुरुवार 15 सितंबर को दुर्ग संभाग के सात जिलों के पुलिस अधीक्षकों सहित राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक की। डीजीपी जुनेजा सीधे भिलाई सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे।

जहां आईजी बीएन मीणा और एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें गार्ड आफ ऑनर दिया गया। डीजीपी दुर्ग संभाग की क्राइम मीटिंग लेने पहुंचे थे। उन्होंने बंद कमरे में सभी एसपी से उनके जिले में अपराधों को लेकर जानकारी मांगी। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों पर लगाम लगाने के निर्देश दिए।

डीजीपी अशोक जुनेजा ने कहा कि नक्सली क्षेत्रों में बेहतर पुलिसिंग के साथ ही और दूसरे राज्यों से सामंजस्य बनाकर कार्य किया जा रहा है। इससे नक्सली घटनाएं कम हुई और नक्सली समाज की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।

दुर्ग संभाग में बने दो नए जिलों को लेकर उन्होंने कहा कि वहां भी बेहतर पुलिसिंग के लिए योजना बनाकर कार्य किया जा रहा है। अन्य जिलों की तरह यहां भी पुलिसिंग की व्यवस्था की जा रही है।

सीनियर सिटिजन के साथ जो अपराध हो रहे हैं उसे लेकर पुलिस काफी गंभीर है। उसे रोकने के लिए सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिए गए हैं। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि दुर्ग जिले में जितनी भी दुर्घटनाएं हुई हैं उसमें अधिकतर शराब के नशे में हुई हैं। इसलिए शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

दुर्ग में बढ़ते अपराध को लेकर एक महीने पहले गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने क्राइम मीटिंग ली थी। इस दौरान उन्होंने जिले में बढ़ते अपराध, हत्या, चोरी, लूट और सट्टा व कबाड़ के कारोबार को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने निर्देश दिया था कि, बैठक के साथ ही पुलिस अलर्ट हो जाए। उन्हें जिले में किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि नहीं चाहिए।

इसको लेकर जिले में क्या अपडेट है,यह जानने खुद प्रदेश के पुलिस विभाग के मुखिया डीजीपी अशोक जुनेजा भिलाई पहुंच गए। उन्होंने इस क्राइम मीटिंग को पूर्व निर्धारित किया था। इसमें सभी अधिकारियों को पूरी जानकारी के साथ मौजूद रहने के निर्देश दिए थे।

दुर्ग संभाग के अंतर्गत आने वाले 2 नए जिले खैरागढ़ छुई खदान गंडई और मानपुर मोहला के पुलिस अधिकारियों को भी बुलाया गया है। अधिकारियों से नए जिले में बनाई जा रही रणनीति और सेटअप व अन्य मुद्दों से भी जानकारी मांगी गई है।