Advertisement Carousel

बासी की बटकी के साथ अपना बचपन याद करते छत्तीसगढ़िया रंग में रंगे लोग

बोरे बासी खा कर श्रम की महत्ता को नमन किया छत्तीसगढ़ ने

रायपुर। श्रम दिवस पर एक मई रविवार को समूचा छत्तीसगढ़ बोरे बासी के रंग से सराबोर हो गया। सुदूर बस्तर से लेकर जशपुर और राजनांदगांव से लेकर बिलासपुर तक लोग बोरे बासी खाते नजर आए। सोशल मीडिया के इस दौर में फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर और दूसरे तमाम माध्यम रविवार को बोरे बासी की तस्वीरों से अटे पड़े हैं। हर कोई इस भीषण गर्मी में बोरे बासी खाते हुए श्रम की महत्ता को नमन कर रहा है। जनप्रतिनिधि, शासकीय सेवक से लेकर आम जनता तक रविवार को दोपहर में बोरे बासी खा कर तृप्त हो रहे हैं।
बोरे बासी तिहार के बीच एक खुबसूरत फोटो पुलिस जवानों की आई है। मजदूर दिवस के अवसर पर जिला नारायणपुर में तैनात जिला पुलिस बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल और डीआरजी के जवानों ने बोरे बासी खाया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आह्वान पर मजदूर दिवस के अवसर पर जवानों ने दोपहर में बोरे बासी खाया। बोरे बासी खाकर जवान आत्मविभोर हो गए और बोले-धन्यवाद सीएम सर, आपने बचपन और घर की याद दिला दी।
जवानों ने कहा कि अब हम प्रयास करेंगे कि गर्मियों में अक्सर बोरे बासी खाएँ। डीआरजी टीम प्रभारी मुकेश्वर ध्रुव ने कहा कि गर्मी के दिनों में अगर किसी दिन रात चाँवल बच जाएगी तो वे जवानों के साथ सुबह बोरे बासी जरूर खाएँगे। जिला पुलिस बल, नारायणपुर के कुछ जवानों में अपने सोशल मीडिया अकॉउंट में बोरे बासी का फोटो भी शेयर किया है।

चैतन्य को याद आया बचपन

 

चैतन्य बघेल बोरे बासी खाते हुए

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सुपुत्र चैतन्य बघेल ने बोरे बासी खाते हुए अपनी फोटो सोशल मीडिया में पोस्ट की है। इसके साथ चैतन्य लिखते हैं-बचपन में ज़ब कभी पापा के साथ खेत जाता था तो वापस आने पर माँ हमें दोपहर में अक्सर बोरे बासी देती थी। पहले लगता था कि स्वादिष्ट होने की वजह से हमें बोरे बासी खिलाया जाता है लेकिन समय के साथ वैज्ञानिक कारणों को पढ़ने के बाद पता चला कि ये तो हमारे स्वास्थ्य के प्रति माँ की चिंता थी जो हमें दोपहर की धूप से आने के बाद लू और गर्मी से बचाने के लिए बोरे बासी खिलाती थी। वैसे तो हम बचपन से बोरे बासी खाते आ रहे हैं लेकिन आज मजदूर दिवस के मौके पर हमारे मजदूर भाइयो और बहनों को सम्मान देने के लिए बोरे बासी का सेवन किया।

पुलिस अफसर एक साथ बैठे बासी खाने

 

दुर्ग पुलिस के अफसर बोरे बासी खाते हुए

बोरे बासी दिवस पर अद्भुत नजारा दुर्ग पुलिस का देखने मिला। दुर्ग पुलिस के तमाम अफसर रविवार की दोपहर एक साथ बोरे बासी खाने बैठे। दुर्ग पुलिस ने यह फोटो सोशल मीडिया पर शेयर भी की है।

गृहमंत्री साहू भी बोरे बासी खाते दिखे

 

गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू बोरे बासी खाते हुए

प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू अपने घर में बोरे बासी पूरी तन्मयता के साथ खाते दिखे। उन्होंने इसके स्वास्थ्यकर होने और इसके गुणों को लेकर सोशल मीडिया में पोस्ट भी की। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बोरे बासी खाने की फोटो लगातार सोशल मीडिया पर आ रही है।