Advertisement Carousel

राज्यसभा की 57 सीटों के लिए चुनाव का एलान, 10 जून को होगा मतदान

नकवी, अंबिका, जयराम, सिब्बल और सतीश

चंद्र का छह वर्षीय कार्यकाल हो रहा है खत्म

नई दिल्ली। राज्यसभा की 57 सीटों के लिए चुनाव की तारीख का एलान कर दिया गया है। इसके लिए 15 राज्यों की 57 राज्यसभा सीटों पर 10 जून को चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग ने गुरुवार को बताया कि जून और अगस्त के बीच राज्यसभा के कई नेताओं का कार्यकाल पूरा हो रहा है।

राज्यसभा में जिन नेताओं का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनमें केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, कांग्रेस नेता अंबिका सोनी, जयराम रमेश, कपिल सिब्बल और बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा शामिल हैं। इन सभी का कार्यकाल 21 जून से 1 अगस्त के बीच समाप्त हो रहा है।

कहां से कितनी सीटें होंगी खाली

उत्तर प्रदेश में 11 सीटें खाली हो रही हैं। वहीं, तमिलनाडु-महाराष्ट्र से छह-छह, बिहार से पांच, आंध्र प्रदेश, राजस्थान और कर्नाटक से चार-चार सदस्यों का कार्यकाल की अवधि पूरी हो रही है। मध्य प्रदेश-ओडिशा से तीन-तीन, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पंजाब, झारखंड और हरियाणा से दो-दो और उत्तराखंड से एक सदस्य का कार्यकाल पूरा हो रहा है।

अधिसूचना 24 मई को जारी होगी

मतदान की अधिसूचना 24 मई को जारी की जाएगी और मतदान 10 जून को होगा। मौजूदा परंपरा के मुताबिक, मतदान समाप्त होने के एक घंटे बाद मतगणना होगी। निर्वाचित होने वाले अधिकांश नए सदस्यों के जुलाई में किसी समय होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में मतदान करने की संभावना है।

निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर

लड़ूंगा राज्यसभा चुनाव: संभाजीराजे

राज्यसभा के पूर्व सदस्य संभाजीराजे छत्रपति ने घोषणा की कि वह संसद के उच्च सदन का अगला चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ेंगे। उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान नए संगठन ‘स्वराज’ की स्थापना की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि राज्यसभा के लिए मनोनीत किए जाने के बाद अपने छह साल के कार्यकाल के दौरान मैंने समाज के लिए जो काम किया है, उसे देखते हुए मैं फिर से राज्यसभा सदस्य बनने का हकदार हूं और मुझे यकीन है कि मुझे समर्थन मिलेगा।