Advertisement Carousel

 विकास प्रदर्शनी में दिखी छत्तीसगढ़ मॉडल की सफलता, मजबूती होती ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सराहा लोगों ने

रायगढ़ जिले के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने देखी

प्रदर्शनी, छत्तीसगढ़ में हो रहे नवाचार को सराहा

रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी एवं जन कल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धि के प्रचार-प्रसार के लिए जनसंपर्क विभाग द्वारा लगायी गई विकास प्रदर्शनी से लोगों को सहजता से उपयोगी जानकारी उपलब्ध हो रही है।

21 मई से 22 जून तक चलने वाली इस विकास प्रदर्शनी में लोक कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को फोटो एवं ऑडियो-वीडियो के माध्यम से लोगों को जानकारी दी जा रही है। जिसे देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक सहित सभी आयु वर्ग के लोग आ रहे हैं।

इसी कड़ी में विकास प्रदर्शनी को देखने 8 जून बुधवार को रायगढ़ जिले के ग्राम तमनार, बरपाली, जोबरो, रुचिदा, गुडेली, टिमरलगा, सरिया नगर पंचायत सहित विभिन्न ग्रामों के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन पहुंचे थे। सभी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। ग्रामीणों ने छत्तीसगढ़ में विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचार को सराहा है।

छत्तीसगढ़ का विकास देख रहे युवा सेल्फी के मूड में

इसी तरह राजनांदगांव जिले से आए पूर्णिमा सेन, यसु मंडावी, गुंजा साहू और नागपुर महाराष्ट्र की आकांक्षा साहू ने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना की। डूमर तालाब निवासी आर.एन. निषाद और कुशालपुर रायपुर निवासी रविशंकर साहू ने प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान उन्होंने बताया कि राज्य की महत्वाकांक्षी योजनाओं से जहां ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हो रही है, ग्रामीणों के जीवन स्तर में बदलाव आया है, वहीं स्वामी आत्मानंद हिंदी-अंग्रेजी माध्यम स्कूल से शिक्षा का स्तर भी बेहतर हो रही है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने 21 मई को इसका शुभारंभ किया था। विकास प्रदर्शनी में आने वाले लोगों के लिए यह स्थल सेल्फी जोन बन गया है। विकास प्रदर्शनी में आने वाले लोगों को जन कल्याणकारी योजनाओं और विगत साढ़े तीन साल के विकास कार्यों पर आधारित उपयोगी प्रकाशन सामग्री का भी वितरण किया जा रहा है।