Advertisement Carousel

हबीब तनवीर स्मरण समारोह 1 सितंबर को, तीजन सहित कई दिग्गज होंगे शामिल

हबीब तनवीर की रंगशैली से रूबरू होगी आज की पीढ़ी

रायपुर। अंतरार्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नाट्य निर्देशक हबीब तनवीर (habib tanvir) की 99 वीं जन्म जयंती का आयोजन 1 सितम्बर को राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक भवन (रजबंधा मैदान) में किया जा रहा है। आयोजन को ‘हबीब तनवीर स्मरण समारोह 2022’ नाम दिया गया है।

इस अवसर पर हबीब तनवीर के 1973 में रायपुर में आयोजित नाचा वर्कशॉप के संस्मरण सुनाए जाएंगे। इसी वर्कशॉप में ‘गाँव के नाव ससुरार मोर नाव दमाद’ नाटक तैयार हुआ था।

इस समारोह का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को छत्तीसगढ़ की लोक कलाओं से व हबीब तनवीर की रंग शैली से परिचित कराना है।

समारोह का प्रथम ‘संस्मरण सत्र’ सुबह 11 बजे से आरम्भ होगा, जिसमें हबीब साहब से जुड़े संस्मरण वरिष्ठ रंगकर्मियों व रंग समीक्षकों से सुने जाएंगे। इस सत्र की मुख्य अतिथि पंडवानी गायिका पद्म विभूषण तीजन बाई होंगी। द्वितीय ‘नाचा सत्र’ छत्तीसगढ़ी नाचा पर आधारित होगा।

यह सत्र दोपहर तीन बजे से आरम्भ होगा। सत्र के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध राई नर्तक पद्मश्री रामसहाय पांडे होंगे। नाचा सत्र में रमा जोशी बहनों की पार्टी छत्तीसगढ़ी नाचा की लुप्त हो चुकी ‘खड़े साज’ नाचा की झलकियाँ प्रस्तुत करेगी। साथ ही तीवरा की फूल नाच पार्टी नेवधा व लक्ष्मणा धाम नाच पार्टी ढाबाडीह द्वारा छत्तीसगढ़ी नाचा का प्रदर्शन किया जायेगा।

तृतीय ‘सम्मान सत्र’ के मुख्य अतिथि रंग निर्देशक, लेखक व अभिनेता रंजीत कपूर होंगे। अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार गिरिजा शंकर करेंगे। इस सत्र में आधी सदी के रंग कर्मियों को हबीब तनवीर रंगधुनी सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।