मुख्यमंत्री बघेल और विधानसभा अध्यक्ष महंत ने किया
उद्घाटन, इस बजट सत्र में मंत्रियों को अलॉट होंगे कमरे
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में मंत्रियों के लिए नए-नए कमरे तैयार हो गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार एक मार्च को इसका उद्घाटन किया।
इन कमरों की खासियत ये है कि इसमें मंत्री आराम करने के साथ-साथ अपने विभागीय कामों को भी निपटा सकेंगे। इस बजट सत्र से ही मंत्रियों को कमरे अलॉट कर दिए जाएंगे।

विधानसभा भवन में करीब 10 करोड़ रुपयों की लागत से 14 कमरे तैयार किए गए हैं। इनमें 12 कमरे राज्य के मंत्रियों को, एक कमरा मुख्य सचिव को और एक विधानसभा उपाध्यक्ष को दिया जाएगा।
Also read:छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र एक मार्च से
वीआईपी लोगों को दिए जाने वाले इन कमरों में नया डबल डोर फ्रिज, 51 इंच की एलईडी टीवी समेत एयर कंडीशनर लगे हुए हैं। इन कमरों में एंट्री करते ही सबसे पहले सोफे से बना वेटिंग एरिया है।

इसके अंदर जाने पर एक बड़ा कमरा है। जिसमें मंत्रियों के विभाग के काम के लिए मीटिंग हॉल बनाया गया है। इससे लगकर एक कमरा है, जिसमें बेड, टी-टेबल, कुर्सी और एलईडी टीवी मौजूद है। इन टीवी में विधानसभा की तस्वीर देखी जा सकती है।
Also read:पहाड़ी कोरवा बच्चों ने पहली बार देखी विधानसभा की कार्यवाही
इन कमरों की दीवारों पर छत्तीसगढ़ की लोक कला को दिखाते हुए खूबसूरत पेंटिंग लगी हुई है। साथ ही यहां दरवाजों पर भी खूबसूरत नक्काशी किए हुए फ्रेम लगे हैं। ये नक्काशी देखने में काफी महंगी लग रही है।

1 मार्च 2023 से छत्तीसगढ़ विधानसभा भी हाईटेक हो गई है। विधानसभा संबंधित तमाम सूचनाएं अब मोबाइल एप उपलब्ध होगी। विधानसभा ऐप की लॉन्चिंग होने के बाद आम जनता भी सीधे विधानसभा की सूचनाओं और कार्यों की जानकारी रख सकेंगे। इसमें बजट का प्रश्न-उत्तर, विधानसभा सदस्यों की जानकारी के साथ राज्यपाल की स्पीच और बजट भाषण भी मिलेगा।











