Advertisement Carousel

रायपुर में दिनदहाड़े कारोबारी से 15 लाख की लूट, पिस्टल टिकाकर ले गए रुपए…

रायपुर। पंडरी इलाके में दिनदहाड़े एक कारोबारी से लूट हो गई। कार में जा रहे कारोबारी को बाइक सवार तीन बदमाशों ने बात करने के नाम पर रोका। जैसे ही उसने कार रोकी। उनपर पिस्टल टिकाकर उन्हें सूनसान जगह ले गए। उनका 15 लाख कैश व सोने की अंगूठी लूटकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। देर रात तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया था।

पुलिस के मुताबिक, विधानसभा इलाके में रहने वाले चिराग जैन का देवेंद्र नगर में बोरिंग पार्ट्स का कारोबार है। सोमवार सुबह वह करीब 11 बजे घर से अपने ऑफिस के लिए निकले। उनके पास 15 लाख रुपए थे, जिसे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में जमा करना था। वे अपनी कार से मोवा ओवरब्रिज के नीचे से होते हुए गंज मंडी रेलवे फाटक की ओर जा रहे थे।

रेलवे फाटक से करीब 50 मीटर पहले पीछे से बाइक सवार तीन युवक पहुंचे। एक युवक ने चेहरे नकाब लगा रखा था। उसके साथ दो अन्य युवक भी थे। तीनों ने चिराग को इशारा करते हुए बात करने के लिए कार रोकने के लिए कहा। चिराग ने कार रोकी, तो एक युवक बाइक छोड़कर उसके साथ बैठ गया। कार में बैठते ही उसने उस पर पिस्टल टिका दिया। इसके बाद कार रेलवे फाटक के बजाय डब्ल्यूआरएस कॉलोनी से लगे वेगन रिपेयर शॉप की ओर चलने के लिए कहा। घबराहट में चिराग कुछ बोल नहीं पाया। उनके बताए अनुसार वह आगे बढ़ते गया। काफी दूर सूनसान जगह पर ले जाने के बाद लुटेरों ने उसकी सोने की अंगूठी और चेन उतरवाए। इसके बाद कपड़े में ढंक कर रखे 15 लाख रुपए को भी ले लिया। इसके बाद तीनों युवक फरार हो गए।

बिना नंबर की बाइक में थे आरोपी

घटना के बाद चिराग ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पंडरी पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। देर रात तक आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। पीड़ित ने पुलिस को बताया है कि आरोपियों की बाइक में नंबर नहीं था। नंबर प्लेट पर बॉस लिखा हुआ था।

रेकी करते हुए पहुंचे थे आरोपी

कारोबारी रोज अपने ऑफिस उसी रास्ते से जाते हैं। इस कारण आंशका है कि आरोपियों ने उसकी रेकी की है। पीड़ित ने 15 लाख कैश को एक कपड़े में ढंककर रखा था। इस पर आरोपियों की नजर पड़ गई। इसके बाद उन्हें लूटने का प्लान बनाया गया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश में क्राइम ब्रांच की आधा दर्जन टीमें लगी हैं।