कांग्रेसियों ने ईडी के लिए किया सद्बुद्धि
यज्ञ,देवेंद्र निवास पर मेले जैसा माहौल
भिलाई। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के निवास में चल रही ईडी की कार्रवाई 20-21 फरवरी की मध्यरात्रि खत्म हो गई। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई लगभग 18 घंटे तक चली। कार्रवाई के दौरान विधायक यादव के समर्थकों का गुस्सा भी देखने को मिला।

बंगले के बाहर कार्यकर्ता और सद्बुद्धि यज्ञ करते कांग्रेसी
ईडी की कार्रवाई खत्म होने के बाद विधायक के समर्थकों ने उन्हें कंधे पर उठा लिया। देवेंद्र यादव के सेक्टर-5 स्थित निवास पर ईडी ने 18 घंटे तक पूछताछ की, जो देर रात तक चली। देर रात 1: 20 बजे सेक्टर 5 विधायक निवास से ईडी की टीम रवाना हो गई।
समर्थको की नारेबाजी के बीच ईडी ने पूरी कार्रवाई को लेकर गोपनीयता बनाई रखी। कार्रवाई खत्म होने के बाद विधायक यादव के बाहर आते ही समर्थकों ने उन्हें कंधो में उठा लिया। देवेंद्र यादव ने बाहर निकलते ही अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

नारेबाजी करते कार्यकर्ता
इससे पहले, जानकारी के मुताबिक सोमवार 20 फरवरी को तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की चार सदस्यीय टीम ने सीआरपीएफ जवानों के साथ विधायक देवेंद्र यादव के निवास पर छापा मारा था। बताया जा रहा है कि घर में विधायक की पत्नी डॉक्टर श्रुतिका यादव और माता जी भी मौजूद रहीं।
वहीं, ईडी की कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद धीरे-धीरे समर्थकों की भीड़ उनके बंगले के बाहर जमा होने लगी। कार्रवार्ठ के बीच ही समर्थकों ने निवास के बाहर बैठकर नारेबाजी की, इसबीच सुरक्षाकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। यह विरोध प्रदर्शन देर रात तक भी देखने को मिला।

ईडी की दबिश के दौरान 20 फरवरी को अपने निवास के बाहर विधायक देवेंद्र
ईडी की सूचना और मदद मांगने के बाद दुर्ग एसपी अभिषेक पल्लव भी कानून-व्यवस्था बनाने मौके पर पहुंचे। भिलाई कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकार का आरोप है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन को दबाने के लिए केंद्र सरकार ईडी की झूठी कार्रवाई करवा रही है। उसका उद्देश्य कांग्रेस कार्यकर्ताओ का मनोबल तोड़ना है, लेकिन पार्टी का हर एक कार्यकर्ता मजबूती के साथ विधायक के साथ खड़ा है।













