कांग्रेस महाधिवेशन शुरू, युवाओं और महिलाओं को लेकर भी चर्चा
रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार 24 फरवरी से कांग्रेस का राष्ट्रीय महाधिवेशन शुरू हो गया है। सबसे पहले स्टीयरिंग कमेटी की बैठक हुई। यह बैठक अब खत्म हो चुकी है। लगभग 3 घंटे तक यह बैठक हुई जिसमें 45 से अधिक सदस्य शामिल हुए।
बैठक के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने कहा कि, स्टीयरिंग कमेटी की बैठक 3 घंटे तक चली। इसमें 45 से भी ऊपर सदस्यों ने भाग लिया। शाम को सब्जेक्ट कमेटी की बैठक होगी। जहां 6 प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
26 फरवरी को जनरैली
उन्होंने बताया कि कल 25 फरवरी को दोपहर 1 बजे तीन प्रस्ताव लिए जाएंगे जिसपर 7 बजे तक बैठक होगी और इस पर चर्चा होगी।
परसों यानी की 26 फरवरी को लगभग 10:30 बजे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी संबोधित करेंगे इसके बाद प्रस्तावों पर चर्चा भी शुरू होगी।

दोपहर 2:00 बजे अंतिम भाषण होगा फिर 3:00 जनरैली निकाली जाएगी जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मलिकार्जुन खड़गे के साथ पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे।
जयराम रमेश ने कहा कि, आज की कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में सभी ने खुल कर बात की। सर्वसम्मति से स्टीयरिंग कमिटी ने यह तय किया है वरिष्ठ अध्यक्ष को सीडब्ल्यूसी को नॉमिनेट करने के लिए अधिकार दिया जाए।
इसके साथ ही पार्टी के संविधान में बड़े ही महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। करीब 16 प्रावधानों और 32 नियमों में संशोधन का प्रस्ताव को लेकर विचार किया गया है।
सभी ने दिया समर्थन
जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस वर्किंग कमिटी में दलित, आदिवासी और उनके साथ महिला और युवाओं का प्रतिनिधित्व कांग्रेस पार्टी के संशोधन में सुनिश्चित किया जा रहा है। देश के सामने आज की राजनीतिक चुनौतियां है।
यह परिवर्तन विपक्ष की महत्वपूर्ण पार्टी होने के नाते जो भूमिका हमें निभाना है उसको मध्य नजर रखते हुए किया गया है। सभी वर्गों के लिए कांग्रेस पार्टी अब प्रतिनिधित्व करेगी। सर्वसम्मति से सभी ने अपना-अपना समर्थन दिया है।









