भार साधक समितियां करेंगी कृषि उपज मंडियों
का संचालन, छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा कदम
रायपुर। प्रदेश की कृषि उपज मंडियों को किसानों के हितों के संरक्षण के लिए ज्यादा प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप भारसाधक समितियों की नियुक्ति का आदेश जारी किया गया है।
इससे कृषि उपज मंडियों के कामकाज में पादर्शिता और तेजी आएगी। किसानों के हित में नवनियुक्त भार साधक समितियां तेजी से प्रभावी निर्णय ले सकेंगी। राज्य की कृषि उपज मंडियों में 2011 से भार साधक समितियां का गठन या मनोनयन नहीं हो सका था। मंडियों के संचालन की जिम्मेदारी भारसाधक अधिकारी के जिम्मे थी।
जिसके चलते कृषि मंडियों में विकास एवं किसानों के हित के निर्णय में विलंब होता था। भारसाधक समितियों की नियुक्ति हो जाने से अब किसानों के हित में तेजी से प्रभावी निर्णय लेने में मदद मिलेगी। भारसाधक समितियों में सभी वर्गाें के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, ताकि किसान और व्यापारी बिना संकोच अपनी बातें समिति के पदाधिकारियों से मिलकर रख सके।
फंड और सुविधाओं पर निर्णय लेंगी समितियां
भार साधक समितियां कृषि उपज मंडी की नियंत्रण प्राधिकारी के रूप में कार्याें का संचालन करने के साथ ही मंडी फंड का उपयोग एवं मंडी क्षेत्र में सुविधाएं विकसित करने का निर्णय ले सकेंगी। किसानों को उनके द्वारा बेची गई उपज का समय पर भुगतान सुनिश्चित हो, इसकी मॉनिटरिंग भी भारसाधक समिति के पदाधिकारी करेंगे। प्रत्येक कृषि मंडी के भारसाधक समिति में एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष तथा 5 सदस्यों समेत कुल 7 सदस्यों की नियुक्ति की गई है।
विभिन्न क्षेत्रों की समितियों में इन्हें मिली जिम्मेदारी
कृषि उपज मंडी समिति रायपुर में जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नारायण कुर्रे को अध्यक्ष बनाया गया है। महेश शर्मा उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। जबकि सदस्य के रूप में श्रवण निषाद, रामचंद साहू, शेष नारायण बघेल, सरोज वर्मा, विजय शर्मा (व्यापारी प्रतिनिधि) की नियुक्ति की गई है। इसी तरह कृषि उपज मंडी समिति नवापारा में गोपेश ध्रुव अध्यक्ष, भागवत साहू उपाध्यक्ष, मोहन देवांगन, कांमता यादव, खेमचंद गिलहरे, पुष्पा साहू, महेश लालवानी(व्यापारी प्रतिनिधि) सदस्य बनाए गए हैं।
कृषि उपज मंडी समिति आरंग में देवनाथ साहू अध्यक्ष,हिरेश कुमार चंद्राकर उपाध्यक्ष, कुसुमलता साहू, खिलेश कुमार चेलक, सहदेव धीवर, मुरारी यादव, मनीराम पटेल (व्यापारी प्रतिनिधि) सदस्य बनाए गए हैं। कृषि उपज मंडी समिति नेवरा में शांता वर्मा अध्यक्ष (मानपुर तुलसी), उपाध्यक्ष किरण ठाकुर, सदस्य ठाकुर नारंग, बलराम नशीने, अरूण साहू, जितेन्द्र चंद्राकर, सुनील सोनी (व्यापारी प्रतिनिधि) की नियुक्ति की गई है।










