रायपुरः बीजेपी की कोरबा लोकसभा प्रत्याशी सरोज पांडेय को आचार संहिता के उल्लंघन का नोटिस जारी किया गया है। MCB जिले के चिरमिरी में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री के श्रीराम और हनुमंत कथा कार्यक्रम की निर्वाचन आयोग ने वीडियोग्राफी कराई थी।
प्रशासन की वीडियोग्राफी के आधार पर सरोज पांडेय को नोटिस जारी कर 29 अप्रैल तक जवाब मांगा गया है। बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री का श्रीराम और हनुमंत कथा कार्यक्रम का आयोजन 26 अप्रैल को चिरमिरी के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में किया गया था। कार्यक्रम का प्रचार जगह-जगह फ्लेक्स और होर्डिंग्स लगाकर किया गया था, जिनमें छत्तीसगढ़ के मंत्रियों के साथ बीजेपी प्रत्याशी सरोज पांडेय की तस्वीरें लगी थी। कार्यक्रम स्थल पर भी सरोज पांडेय का फोटो पंडित धीरेंद्र शास्त्री के साथ लगा हुआ था।
धीरेंद्र शास्त्री की कथा में बीजेपी का प्रचार
इधर, स्टेडियम में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री कथावाचन कर रहे थे, तो उन्हें सुनने आ रहे लोगों को भाजपाई पार्टी का गमछा पहनाकर कोरबा लोकसभा से बीजेपी प्रत्याशी सरोज पांडेय के चुनाव प्रचार के पर्चे बांटते दिखे। कथा स्थल पर ही सरोज पांडेय के पोस्टरों से पटी बस और प्रचार वाहन भी मौजूद था। हनुमत कथा सुनने आने वालों को बीजेपी कार्यकर्ता पकड़-पकड़ कर पार्टी का गमछा पहना रहे थे। इसे भास्कर.कॉम ने पब्लिश किया था। इसकी वीडियोग्राफी चुनाव आयोग के अधिकरियों की ओर से भी कराई गई थी। कार्यक्रम में गृह मंत्री विजय शर्मा, सरोज पांडेय, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक रेणुका सिंह मौजूद थे।










