धमतरी : नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सिहावा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने ओडिशा की ओर से बाइक से गांजा लेकर आ रहे दो आरोपियों को पकड़ा है। तलाशी के दौरान उनके पास से 20 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
रतावा नाका पर घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्लेटी रंग की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति ओडिशा की तरफ से गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस की टीम ने मेन रोड स्थित रतावा फॉरेस्ट नाका के पास निगरानी बढ़ाकर घेराबंदी कर दी।बताए गए हुलिए और मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोका। इसके बाद दोनों संदिग्धों के साथ मौजूद ट्रॉली बैग और सफारी बैग की जांच की गई।
बैग के अंदर छिपाकर रखा था 20.40 किलो गांजा
तलाशी के दौरान बैगों में सेलोटेप से पैक किया गया गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर इसकी कुल मात्रा 20 किलो 400 ग्राम निकली। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। वाहन की अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से करीब 10 हजार रुपये कीमत का ओप्पो मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
11.80 लाख रुपये का मशरूका जब्त
पुलिस की कार्रवाई में गांजे के अलावा बाइक और मोबाइल सहित कुल 11 लाख 80 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस अब गांजा तस्करी के नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
उत्तर प्रदेश और दिल्ली के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एहतेशाम, उम्र 27 वर्ष, निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश और तुषार कश्यप, उम्र 23 वर्ष, निवासी करावल नगर, उत्तर पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा परिवहन से जुड़े हुए थे। बरामदगी के बाद उनके खिलाफ सिहावा थाने में अपराध क्रमांक 70/2026 दर्ज किया गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेजे गए
मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत कार्रवाई की। दोनों आरोपियों को 9 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत की गई यह कार्रवाई नशे के नेटवर्क पर पुलिस की सख्ती का संकेत मानी जा रही है।











