वॉशिंगटन। वैज्ञानिकों को पहली बार दक्षिण अमरीका में करोड़ों साल पुराने कीड़े एंबर के भीतर सुरक्षित मिले हैं। एंबर एक तरह का जीवाश्म है जो लाखों साल पहले पेड़ों से निकला गोंद होता है जो समय के साथ सख्त होकर पत्थर जैसा हो जाता है।
शोधकर्ताओं ने बताया कि इक्वाडोर में मिले एंबर के टुकड़ों में प्राचीन भृंग, मक्खियां, चींटियां और ततैया जैसी कई प्रजातियां संरक्षित हैं। शिकागो के फील्ड म्यूजियम के वैज्ञानिक फेबियानी हेरेरा के मुताबिक, एक बलुआ पत्थर की खदान में मिले ये नमूने लगभग 11.2० करोड़ साल पुराने हैं। अब तक इसे नमूने सिर्फ उत्तरी गोलार्ध में मिले थे। वैज्ञानिक लंबे समय से हैरान थे कि दक्षिणी हिस्से में इतने कम एंबर क्यों मिले।
जैव-विविधता पर समझ और बढ़ेगी
इन जीवाश्मों के जरिए वैज्ञानिक यह समझ पाएंगे कि डायनासोरों के जमाने में फूलदार पौधों और कीड़ों के बीच किस तरह का रिश्ता बन रहा था। माना जाता है कि यही रिश्ता बाद में धरती पर जीवन के विकास की सबसे सफल साझेदारियों में से एक साबित हुआ। इस स्टडी से यह भी पता चला कि उस समय के वर्षावन आज के अमेजन जंगलों से बिल्कुल अलग थे। वैज्ञानिकों का मानना है कि इस खोज से धरती कीजैव-विविधता को समझने में बड़ी मदद मिलेगी।















