Mandsore News: मंदसौर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस सागर से दो आरोपियों को पकड़कर कार से गुरुग्राम ले जा रही थी. इस दौरान जिले के गरेाठ थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर पुलिसकर्मियों ने वाहन को रोका. यहां पर दोनों आरोपियों ने मौका देखा और कार लेकर फरार हो गए. ये दोनों आरोपी रिश्ते में बाप और बेटे हैं.
आरोपियों की तलाश जारी
पेट्रोल पंप से वाहन लेकर फरार होने के बाद घटना स्थल पर हड़कंप मच गया. हर कोई चिल्लाता रहा और उन्होंने एक न सुनी. गुरुग्राम पुलिस ने गरोठ पुलिस को इस घटनाक्रम की सूचना दी. तब जाकर गरोठ पुलिस आरोपियों के पीछे लगी. आरोपी खड़ावदा क्षेत्र के बारामासी फंटे पर कार छोड़ पैदल फरार हो गए. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
दोनों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
मंदसौर जिले के गरोठ थानाप्रभारी बलबीर यादव ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस सागर से धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपी पिता और बेटे का पकड़कर गुरुग्राम ले जा रही थी. पुलिस आरोपियों को गरोठ-उज्जैन फोरलेन से लेकर आई थी.
सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
पेट्रोल भरवाने के लिए गरोठ रोड पर स्थित पेट्रोल पंप पर रुके. यहां से उनको फिर एक्सप्रेस वे से जाना था. पेट्रोल भरवाने के दौरान आरोपी कार में ही ड्राइवर सीट पर आया और कार चलाकर फरार हो गया. सूचना पर आरोपियों की तलाश जारी है. आरोपी बारामासी फंटे पर कार छोड़कर पैदल फरार हुए है. दोनों की तलाश की जा रही है. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही मार्केट एरिया में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
पुलिस की लापरवाही आई सामने
वहीं, इस घटना के बाद से गुरुग्राम पुलिस को लेकर कई सवाल भी खड़े कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को ऐसी लापरवाही नहीं दिखानी चाहिए थी. चार पहिया गाड़ी में आरोपियों को रखा गया है तो पुलिस को अलर्ट मोड पर रहना चाहिए. उन्हें इस तरह बेपरवाह नहीं होना चाहिए कि उन्हीं का वाहन लेकर आरोपी फरार हो जाएं.












