Advertisement Carousel

भिलाई में शुरू होगा पहला अन्नपूर्ति ग्रीन एटीएम, अब दिन-रात कभी भी ले सकेंगे राशन, जानें कैसे मिलेगी सुविधा

भिलाई। दुर्ग जिले में राशन वितरण व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सुपेला के अंबेडकर नगर में जिले का पहला अन्नपूर्ति ग्रीन एटीएम शुरू होने जा रहा है। इस नई व्यवस्था के तहत पात्र राशनकार्डधारी अपनी सुविधा के अनुसार 24 घंटे कभी भी चावल प्राप्त कर सकेंगे।

कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा

ग्रीन एटीएम के शुभारंभ से पहले कलेक्टर अभिजीत सिंह ने स्थल का निरीक्षण कर सभी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मशीन के सुचारु संचालन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऑपरेटर और सुरक्षा कर्मियों की दो पालियों में तैनाती के निर्देश दिए।

वन नेशन, वन राशनकार्ड योजना का मिलेगा लाभ

इस सुविधा का लाभ जिले के सभी पात्र राशनकार्डधारी उठा सकेंगे। चाहे लाभार्थी किसी भी उचित मूल्य की दुकान से राशन प्राप्त करता हो, वह वन नेशन, वन राशनकार्ड योजना के तहत सुपेला स्थित इस ग्रीन एटीएम से अपने हिस्से का चावल ले सकेगा।

महिला समूह संभालेगा संचालन

अन्नपूर्ति ग्रीन एटीएम का संचालन महिला स्व-सहायता समूह के माध्यम से किया जाएगा। समूह की सदस्य मशीन में चावल भरने, संचालन की निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर हितग्राहियों की सहायता के लिए मौजूद रहेंगी। वहीं, इच्छुक लोग स्वयं भी मशीन का उपयोग कर राशन प्राप्त कर सकेंगे।

लंबी कतारों से मिलेगी राहत

करीब 2.7 मीट्रिक टन क्षमता वाली इस मशीन के शुरू होने से राशन दुकानों पर लगने वाली लंबी कतारों से राहत मिलेगी। साथ ही वितरण प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी।

जानिए कैसे मिलेगा चावल

ग्रीन एटीएम से राशन लेने के लिए लाभार्थी को सबसे पहले अपना राशनकार्ड नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा होने पर पात्रता के अनुसार निर्धारित मात्रा में चावल मशीन से स्वतः उपलब्ध हो जाएगा। फिलहाल इस सुविधा के तहत केवल वैध राशनकार्डधारियों को चावल वितरित किया जाएगा।