छत्तीसगढ : लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। कई जिलों में नदियां और नाले खतरे के निशान के करीब बह रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ रहा है। रविवार को सारंगढ बिलाईगढ और बिलासपुर से सामने आई दो अलग अलग घटनाओं ने लोगों की चिंता और बढा दी। एक स्थान पर तेज बहाव में कार बह गई, जबकि दूसरे स्थान पर नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ।
तेज बहाव के बीच नाला पार करना पडा भारी
सारंगढ बिलाईगढ जिले के माधोपली क्षेत्र में एक कार चालक उफनते नाले को पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पानी का तेज बहाव वाहन को अपने साथ बहाकर ले गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में एक व्यक्ति के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देर शाम तक संयुक्त रूप से तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोकना पडा। अब सोमवार सुबह फिर से खोजबीन शुरू की जाएगी।
अरपा नदी में मिला अज्ञात युवक का शव
दूसरी घटना बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र स्थित समृद्धि विहार के पास सामने आई। यहां अरपा नदी में एक अज्ञात युवक का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने ग्रामीणों की सहायता से शव को नदी से बाहर निकाला।
पहचान और मौत के कारण की जांच जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान करने के साथ साथ मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बारिश के बीच प्रशासन की अपील
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी नालों को पार करने से बचने की अपील की है। जलस्तर बढने की स्थिति में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।











