Advertisement Carousel

शादी का सपना दिखाकर किया बड़ा धोखा…महीनों तक पुलिस को चकमा देने वाला आखिर ऐसे आया गिरफ्त में

बिलासपुर :  शादी का भरोसा देकर युवती के साथ दैहिक शोषण करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को सिरगिट्टी पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में वह अपने ससुराल से दबोच लिया गया।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ मामला

पुलिस के मुताबिक पीडिता ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अमन यादव उर्फ राजा ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी भरोसे लंबे समय तक उसका दैहिक शोषण करता रहा। बाद में आरोपी ने किसी और से विवाह कर लिया और अपने वादे से पीछे हट गया। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 296 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

मई से पुलिस की पकड़ से था दूर

प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी 2 मई से फरार चल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस लगातार अलग अलग स्थानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन वह हर बार अपना ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बच निकलता था।

ससुराल में छिपा था आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरभट्ठी कला स्थित अपने ससुराल में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी कर दी। तलाशी के दौरान आरोपी घर के छज्जे पर छिपा मिला। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

अब अदालत में होगी पेशी

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।