Advertisement Carousel

एक पल की लापरवाही बनी जानलेवा! निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे दो मजदूरों के साथ हुआ दर्दनाक हादसा

 बिलासपुर: निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कस्तूरबा नगर रिंग रोड नंबर-2 में 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान अशोक नगर स्थित डीएलएस कॉलेज के पास रहने वाले भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे के रूप में हुई है। दोनों राजमिस्त्री के तौर पर निर्माण कार्य में लगे हुए थे।

बचाने की कोशिश में दूसरी जान भी गई

जानकारी के अनुसार अनूप सिंह के निर्माणाधीन मकान में दीवार की जोड़ाई का काम चल रहा था। मकान के ऊपर से 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। काम के दौरान भूपेंद्र साहू बिजली लाइन की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने के लिए रवि बंजारे दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार करंट इतना तेज था कि एक मजदूर नीचे गिर गया, जबकि दूसरा बिजली के तार में ही फंस गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और बिजली विभाग

घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राथमिक जांच में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

प्रारंभिक जांच में निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।