Advertisement Carousel

नाबालिगों को वाहन देना पड़ा भारी, तीन दिन में 54 पर कार्रवाई, पालकों से वसूला गया 1.07 लाख रुपये जुर्माना

 बालोद :  नाबालिगों के वाहन चलाने पर पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पिछले तीन दिनों में यातायात पुलिस ने 54 नाबालिग वाहन चालकों को पकड़कर उनके अभिभावकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इस दौरान कुल 1 लाख 7 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने पालकों को भविष्य में बच्चों को वाहन नहीं देने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने की समझाइश भी दी।

जिलेभर में चल रहा विशेष अभियान

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देश पर यातायात पुलिस के साथ सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान जहां भी नाबालिग वाहन चलाते मिले, वहां उनके अभिभावकों पर भी कानूनी कार्रवाई की गई।

एसपी चव्हाण ने कहा कि अभिभावक नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन न दें। वाहन सौंपने से पहले चालक की आयु और उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होने की पुष्टि जरूर करें।

एक दिन में 118 चालान, कई नियम उल्लंघन पर कार्रवाई

अभियान के तहत 7 अगस्त को जिलेभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान मोटरयान अधिनियम के तहत 118 प्रकरण दर्ज कर 38,500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

कार्रवाई में बिना हेलमेट वाहन चलाने के 12 मामले, बिना सीट बेल्ट के 5 मामले, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने के 2 मामले और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने का 1 मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के 89 मामलों में भी चालानी कार्रवाई की गई।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई

पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने वाले दो चालकों के खिलाफ न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किए। दोनों मामलों में कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

यातायात प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि दोनों चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा जा रहा है। नियमों के अनुसार पहली बार शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े जाने पर लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित किया जाता है, जबकि दोबारा ऐसी गलती करने पर लाइसेंस निरस्त किया जा सकता है।

सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और नाबालिगों को वाहन नहीं सौंपने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह का विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।