रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम संशोधित कर दिया गया है। शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तिथियां एक साथ पड़ने से अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। अब CGPSC की मुख्य परीक्षा 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित होगी।
दो परीक्षाओं की एक ही तारीख बनने से बढ़ी थी चिंता
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने 4 अगस्त 2026 को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी करते हुए मुख्य परीक्षा की संभावित तिथियां 24, 25 और 26 अक्टूबर तय की थीं। इसी बीच 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी निर्धारित होने से ऐसे अभ्यर्थी असमंजस में आ गए थे, जो दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। इससे उनके सामने किसी एक परीक्षा से वंचित होने की स्थिति बन रही थी।
मुख्यमंत्री ने तुरंत दिए समाधान के निर्देश
अभ्यर्थियों की समस्या मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा की तिथियों में संशोधन करते हुए नया कार्यक्रम जारी कर दिया।
अब 2 से 4 नवंबर तक होगी मुख्य परीक्षा
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 अब 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इससे दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बिना किसी टकराव के दोनों परीक्षाओं में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
‘युवाओं का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार के लिए युवाओं का भविष्य सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा कई वर्षों तक मेहनत करते हैं। ऐसे में केवल परीक्षा कार्यक्रम के टकराव की वजह से किसी भी अभ्यर्थी को अवसर से वंचित नहीं होना चाहिए। सरकार युवाओं की समस्याओं के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्य परीक्षा के लिए अलग से करना होगा आवेदन
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए चयनित अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी है। आवेदन प्रक्रिया और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश आयोग अलग से जारी करेगा। अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से वंचित न रहें।
अभ्यर्थियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता की कामना की।











