Advertisement Carousel

CG Weather Today: तीन दिन रहेगा राहत का दौर, फिर बदलेगा मौसम, इन जिलों में बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश की रफ्तार कुछ धीमी पड़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक अधिकांश इलाकों में वर्षा की तीव्रता कम रहने की संभावना है। इसके बाद एक बार फिर प्रदेश में बारिश का दौर तेज हो सकता है। मंगलवार 11 अगस्त को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। सोमवार को रायपुर 32.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। हालांकि शाम के समय कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।

रायपुर में दिनभर बादल छाए रहेंगे, बारिश के भी बन रहे आसार

राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादलों का डेरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिन के दौरान कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई, लेकिन रायपुर शहर में उल्लेखनीय वर्षा दर्ज नहीं की गई।

इन जिलों के लिए यलो अलर्ट, तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने रायपुर सहित कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है।

इन मौसम प्रणालियों के कारण बदल रहा है मौसम का मिजाज

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर मध्य प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों में निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है। मानसून द्रोणिका बीकानेर, दतिया, निम्न दाब के केंद्र, डालटेनगंज और दीघा होते हुए पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके साथ एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण विकसित है, जिसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास इसी क्षेत्र में नया निम्न दाब क्षेत्र बनने की संभावना है। यही प्रणाली आने वाले दिनों में प्रदेश में फिर से बारिश बढ़ा सकती है।

सोमवार को इन इलाकों में हुई सबसे अधिक बारिश

सोमवार को सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर वर्षा भैरमगढ़, सुकमा और कुटरू में दर्ज की गई। इसके अलावा कुआकोंडा और गादीरास में 4 सेंटीमीटर, जबकि जनकपुर भरतपुर, तखतपुर, करपावंड और बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। गीदम, दंतेवाड़ा, खड़गांव, कटेकल्याण, अंतागढ़, सकरी, नानगुर और कोमाखान में 2 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं मुकडेगा, भोपालपटनम, धनोरा, कोटाडोल, छोटेडोंगर, सकोला, दुर्गकोंदल, भैसमा, बस्तर, हरदीबाजार, अंबागढ़ चौकी, बगीचा, कोंडागांव, कांसाबेल, भानुप्रतापपुर, उसूर, बारसूर, लाल बहादुर नगर, गंगालूर, बास्तानार और कुकदूर सहित कई स्थानों पर 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।