Advertisement Carousel

गौठान से लेकर UCC तक गरमाई सियासत, सरकार और विपक्ष आमने-सामने… सड़क नक्सलवाद और साइबर ठगी पर भी मंत्री ने दिया जवाब

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गौठानों की व्यवस्था को लेकर सियासी बहस फिर तेज हो गई है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गौठानों की स्थिति खराब होने के कारण बड़ी संख्या में मवेशी सड़कों पर नजर आ रहे हैं। इससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ रहा है।भगत ने सरगुजा जिले की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि एक पंचायत के लोग अपनी समस्या बताने के लिए मवेशियों को लेकर कलेक्ट्रेट तक पहुंच गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में लोगों की समस्याएं सुनने वाला कोई नहीं है। पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई गोबर खरीदी योजना से ग्रामीणों और पशुपालकों को आर्थिक लाभ मिल रहा था, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे बंद कर दिया।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने आरोपों पर किया पलटवार

पूर्व मंत्री के आरोपों पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि गौठान योजना कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी, लेकिन इसके संचालन, रखरखाव और पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था को लेकर पर्याप्त वित्तीय प्रावधान स्पष्ट नहीं था।उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार गौठानों की व्यवस्था को व्यवस्थित करने की दिशा में काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य गौठानों में पशुओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी बेहतर देखभाल सुनिश्चित करना है। आने वाले समय में गौठानों की संख्या और वहां उपलब्ध सुविधाओं को बढ़ाने की योजना पर भी काम किया जाएगा।

UCC को लेकर भी दोनों पक्षों में टकराव

समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर अमरजीत भगत ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि UCC लागू करने से आम जनता को क्या लाभ मिलेगा, यह स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी राज्यों में भाजपा UCC और SIR जैसे मुद्दों को प्रमुखता देती है, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद इनकी चर्चा कम हो जाती है।भगत ने इसे जनता और विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदाय को परेशान करने वाली पहल बताया।इसके जवाब में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस हर सकारात्मक पहल का विरोध करती है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई विभिन्न योजनाओं का लाभ जनता को मिला है। मंत्री ने कहा कि UCC को भी प्रदेश में लागू किया जाएगा और इससे लोगों को फायदा होगा।

बारिश थमते ही सड़कों की मरम्मत में तेजी का दावा

प्रदेश की खराब सड़कों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जिन इलाकों में सड़कें ज्यादा खराब हैं, वहां मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष डामर के दाम बढ़ने के बाद मार्च के बाद कई ठेकेदारों ने काम शुरू नहीं किया था। इसी वजह से कई क्षेत्रों में सड़क निर्माण और मरम्मत का काम प्रभावित हुआ।मंत्री के मुताबिक बारिश का दौर समाप्त होते ही सड़कों की मरम्मत शुरू की जाएगी। अगले चार से छह महीने के भीतर खराब सड़कों पर काम शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अंबिकापुर-रायगढ़ रोड समेत कई बड़े कार्यों के टेंडर पूरे होने की जानकारी भी दी।

नक्सलवाद पर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नक्सलवाद से जुड़े बयान पर भी मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि रमन सिंह के कार्यकाल में नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास कार्यों को गति मिली और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के प्रयास किए गए।मंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार के गृह विभाग और सुरक्षा बलों ने भी नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाया है। उनका दावा है कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

फर्जी टोल फ्री नंबर से ठगी पर विभाग अलर्ट

पर्यटन विभाग के नाम पर फर्जी टोल फ्री नंबर के जरिए पर्यटकों से ठगी के मामले पर मंत्री ने कहा कि जानकारी मिलते ही संबंधित नंबरों की शिकायत की गई है। विभाग की ओर से आधिकारिक टोल फ्री नंबर जारी किया गया है, ताकि पर्यटक किसी फर्जी नंबर के झांसे में न आएं।मामले की जानकारी साइबर सेल को भी दी गई है। विभाग अब फर्जी नंबरों के जरिए ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है। सरकार की ओर से पर्यटकों से अपील की गई है कि किसी भी सेवा या जानकारी के लिए केवल अधिकृत संपर्क माध्यमों का ही इस्तेमाल करें।