Advertisement Carousel

अखंड ज्योत से पेंट हाउस में लगी आग, कांग्रेस नेता की मौत…

इंदौर। शहर में कार शोरूम पर बने पेंटहाउस में गुरुवार अलसुबह आग लगने से कांग्रेस नेता व कारोबारी प्रवेश अग्रवाल (46) की मौत हो गई। प्रवेश की पत्नी श्वेता और छोटी बेटी मायरा किसी तरह बाहर निकल आईं, लेकिन प्रवेश और उनकी बड़ी बेटी सौम्या (14) धुएं की चपेट में आ गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रवेश को मृत घोषित किया।

सौम्या की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में घर में बने मंदिर में अखंड ज्योत जलने व शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। एफएसएल अधिकारी ने घटना स्थल से कई मृत चूहे बरामद किए, जिससे यह आशंका गहराई कि शायद चूहे ने अखंड ज्योत का दीपक गिरा दिया हो, जिससे आग फैली।

पत्नी-बेटी को निकाला, खुद फंस गए

घर में आग लगने पर प्रवेश ने सबसे पहले पत्नी और छोटी बेटी को सुरक्षित बाहर निकाला था। वे बड़ी बेटी सौम्या को बचाने उसके रूम तक पहुंचे, लेकिन धुएं से दम घुटने लगा और बेहोश हो गए। एक कर्मचारी ने बताया कि पेंट हाउस बड़ा है। उसमें ग्लास हाउस बना है। उसके नीचे वाले हिस्से में प्रवेश बेहोशी की हालत में मिले थे।

हाईटेक लॉक, परिवार अंदर फंसा रहा

पुलिस के अनुसार, आग सुबह करीब 5.30 बजे लगी। घर में लगे हाईटेक सिक्योरिटी लॉक सिस्टम सेे परिवार घर में फंस गया। दरवाजा तोड़कर प्रवेश और सौम्या को बाहर निकाला। अधिकारियों ने पूजाघर से राख व तारों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।