Advertisement Carousel

रायपुर एयरपोर्ट में बड़ा हादसा: सीलिंग रिपेयरिंग के दौरान 30 फीट की ऊंचाई से गिरा इलेक्ट्रीशियन, इलाज के दौरान हुई मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में आज बड़ा हादसा हुआ है, जहां एयरपोर्ट परिसर में सीलिंग रिपेयरिंग के दौरान एक इलेक्ट्रीशियन की 30 फीट की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई है। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में हड़कंम मच गया है। यह घटना माना थाना क्षेत्र की है।

कब और कैसे हुई घटना ?
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान कुबेर कुमार साहू (32) के रूप में हुई है, जो कि दुर्ग जिले के जाम गांव का रहने वाला था। आज कुबेर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में सीलिंग रिपेयरिंग का काम कर रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वो 30 फीट की ऊंचाई से गिर गया। घटना के बाद एयरपोर्ट स्टाफ और मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे माना के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

एयरपोर्ट प्रबंधन और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलेक्ट्रीशियन बिना सेफ्टी बेल्ट और सुरक्षा उपकरण के काम कर रहा था, जिसकी वजह से ये हादसा हुआ। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगा है।

माना थाना सीएसपी ने क्या कहा ?
माना थाना सीएसपी लंबोधर पटेल ने बताया की स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट टर्मिनल में इलेक्ट्रिशियन कर्मचारी मेंटेनेंस कार्य के दौरान गिर गया था, जिसे गंभीर अवस्था में माना स्थित अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया था। इलाज के दौरान डॉक्टर ने कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया है. पूरे प्रकरण पर मर्ग कायम कर जाँच की जा रही है। सभी बिंदुओं पर जाँच की जा रही है।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने क्या कहा ?
एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया की मेंटेनेंस कार्य के दौरान कर्मचारी गिरकर घायल हो गया था, जिसे तत्काल उपचार के लिए माना स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पुलिस को पूरे घटनाक्रम की सूचना दी गई है।