Advertisement Carousel

अंबिकापुर में जुटेगा अग्रवाल समाज का बड़ा मंच, 19-20 सितंबर को होगा अग्र महाकुंभ; CM साय करेंगे शुभारंभ

रायपुर: छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन की ओर से अंबिकापुर में दो दिवसीय अग्र महाकुंभ-2026 का आयोजन किया जाएगा। 19 और 20 सितंबर को होने वाले इस प्रांतीय अधिवेशन और दशम अग्र अलंकरण समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 19 सितंबर को करेंगे। आयोजन में देशभर से अग्रवाल समाज के प्रमुख पदाधिकारी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

देशभर से जुटेंगे समाज के प्रमुख पदाधिकारी

कार्यक्रम में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक सियाराम अग्रवाल, छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री और संरक्षक राजेश अग्रवाल, बसना विधायक एवं संरक्षक संपत अग्रवाल सहित कई प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे।

इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल, राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक बूबानीवाला और अलग-अलग राज्यों के अध्यक्ष, महामंत्री व अन्य पदाधिकारी भी अंबिकापुर पहुंचेंगे।

महिला और युवा सत्र के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी

अग्र महाकुंभ को केवल संगठनात्मक अधिवेशन तक सीमित नहीं रखा गया है। कार्यक्रम में महिला और युवा सत्र के साथ सामाजिक एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजन का हिस्सा रहेंगी।

19 सितंबर की शाम होने वाला अखिल भारतीय कवि सम्मेलन खास आकर्षण रहेगा। इसमें देश-विदेश में पहचान बना चुके हास्य और काव्य जगत के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजकों के अनुसार लाफ्टर चैलेंज और वाह भाई वाह जैसे कार्यक्रमों से जुड़े कवि अंबिकापुर में हास्य और साहित्य का माहौल बनाएंगे।

मनीष भाई वाघसिया का परिवार उत्सव भी खास आकर्षण

20 सितंबर को होने वाला अग्र अलंकरण समारोह भी महाकुंभ का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा। इसके साथ प्रसिद्ध मोटीवेटर मनीष भाई वाघसिया का परिवार उत्सव कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। आयोजन में परिवार और नई पीढ़ी से जुड़े विषयों को विशेष स्थान देने की तैयारी है।

इन क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान

दशम अग्र अलंकरण समारोह में समाज के ऐसे लोगों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, समाजसेवा, युवा और महिला क्षेत्र समेत अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को मंच पर सम्मान मिलेगा।

संगठन और नई पीढ़ी की भागीदारी पर रहेगा जोर

आयोजकों के मुताबिक, अग्र महाकुंभ का उद्देश्य प्रदेश और देशभर के अग्रवाल समाज को एक साझा मंच पर लाना है। इसके जरिए संगठनात्मक एकता, सामाजिक संवाद, सेवा गतिविधियों और नई पीढ़ी की भागीदारी को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल के मार्गदर्शन में होने वाले इस आयोजन की मेजबानी अग्रवाल सभा अंबिकापुर और संभागीय अग्रवाल महासभा सरगुजा करेगी। आयोजकों ने देशभर के अग्रवाल समाज के लोगों से बड़ी संख्या में अंबिकापुर पहुंचने की अपील की है।