Advertisement Carousel

9 साल बाद प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ी बनेंगे ‘उत्कृष्ट’, मिलेगी सरकारी नौकरी…

रायपुर। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित करने वाले प्रदेशभर के सैकड़ों खिलाड़ियों का संघर्ष अगले महीने सफल होने जा रहा है। करीब 9 सालों से पदक विजेताओं की बहुप्रतिशिक्षत उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने की मांग अगले महीने पूरी होने जा रही है। राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त से एक सप्ताह पहले पात्र करीब 60 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के नामों पहली लिस्ट जारी कर दी जाएगी।

अन्य पात्र खिलाड़ियों के आवेदनों की परिक्षण के बाद सूची जारी जारी होगी। प्रदेश के खेलमंत्री टंकराम वर्मा ने अधिकारियों को नामों की फाइनल सूची तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं। पहले चरण के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को खेल दिवस के अवसर पर प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में 2016 से उत्कृष्ट खिलाड़ी की घोषणा नहीं हुई है, जिससे उन्हें सरकारी नौकरी नहीं मिल रही है।

उत्कृष्ट खिलाड़ी के लिए वर्ष 2018-19, 2019-20 मेें खेल विभाग को कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें 2018-19 में 344 और 2019-20 में 439 आवेदन मिले थे। दोनों वित्तीय वर्ष के आवेदनों की जांच करने के बाद लगभग 125 खिलाड़ियों ने दो बार आवेदन किए थे। वहीं, 2-3 खिलाड़ियों ने तीन बार आवेदन किए थे। उनके छटनी के बाद कुल 651 खिलाड़ियों के आवेदनों की स्क्रुनी की गई, जिसमें लगभग 200 खिलाड़ी पुराने नियमों के अनुसार उत्कृष्ट के लिए पात्र पाए गए और वहीं, 450 खिलाड़ियों के आवेदन अपात्र कर दिए गए।

खेल विभाग से लेकर सड़क तक संघर्ष

उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित करने की मांग को लेकर गत कई वर्षों से प्रदेशभर के पदक विजेता खिलाड़ी पहली बार सड़क पर आंदोलन करने को मजबूर हुए थे। खिलाड़ी कई बार खेल विभाग के सामने धरना प्रदर्शन किए और पैदल मार्च निकाल कर अपनी मांगों को रखा। इसके अलावा मुंख्यमंत्री, खेलमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष समेत कई नेताओं को अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। अब 9 साल बाद खिलाड़ियों का संघर्ष सफल होने जा रहा है।

मिलेगी नौकरी, विभागों में 2 फीसदी पद आरक्षित

उत्कृष्ट खिलाड़ी बनने के बाद खिलाडिय़ों को सरकार नौकरी मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा। प्रदेश के सभी विभागों में खाली पदों के 2 फीसदी पद उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं। उत्कृष्ट नहीं बनने के कारण खिलाड़ियों के लिए आरक्षित पदों पर उन्हें नौकरी नहीं दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि 2015 तक 100 से ज्यादा उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए गए थे, उनमें से कई वर्तमान में नौकरी कर रहे हैं।

25 दिसंबर 2024: प्रदर्शन करते खिलाड़ी

खेल दिवस से पहले होगी घोषणा

उत्कृष्ट खिलाड़ियों के नामों की घोषणा खेल दिवस के एक सप्ताह पहले कर दी जाएगी। पारदर्शिता के साथ पात्र खिलाड़ियों को नामों की सूची बनाने के लिए सख्त निर्देश विभाग के उच्च अधिकारियों को दे दिए गए हैं।