अबु धाबी। श्रीलंकाई टीम ने शानदार प्रदर्शन कायम रखते हुए यहां खेले जा रहे एशिया कप के सुपर-4 में प्रवेश कर लिया है। गुरुवार को खेले गए ग्रुप-बी के मैच में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को चार विकेट से मात दी और टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत हासिल की। इस ग्रुप से श्रीलंका के साथ ही बांग्लादेश ने भी सुपर-4 में प्रवेश कर लिया है। वहीं, अफगानिस्तान का सफर खत्म हो गया है, जो तीन में से सिर्फ एक मैच ही जीत सकी।
इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और आठ विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम ने चार विकेट पर 171 रन का स्कोर बनाया। श्रीलंका की जीत के हीरो कुसल मेंडिस रहे, जिन्होंने 52 गेंदों में 74 रन की ताबड़तोड़ नाबाद पारी खेली। मेंडिस ने 10 चौके लगाए और पांचवें विकेट के लिए कामिंदु मेंडिस (26 रन) के साथ 23 गेंदों में नाबाद 52 रन जोड़े।
राशिद और नबी की मेहनत पर फिरा पानी: बांग्लादेश की ओर से मोहम्मद नबी ने 22 गेंदों में तीन चौकों और छह छक्कों के साथ 60 रन की पारी खेली। राशिद खान ने भी 23 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के के साथ २४ रन बनाए। नबी ने २०वें ओवर में स्पिनर दुनिथ वेलागे की लगातार पांच गेंदों पर पांच छक्के लगाए। इस ओवर में वेलागे ने कुल 32 रन लुटाए।










