दुबई। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की नौटंकी के कारण बुधवार को एशिया कप में पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच होने वाला ग्रुप-ए मुकाबला तय समय पर शुरू नहीं हो सका। करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुए इस मैच में यूएई की टीम ने टॉस जीता और गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पाकिस्तान ने नौ विकेट पर 146 रन बनाए और इसके बाद यूएई को 17.4 ओवर में 105 रन पर ढेर करके सुपर-4 में प्रवेश कर लिया। अब सुपर-4 में 21 सितंबर को पाकिस्तान का सामना फिर भारतीय टीम से होगा। इस ग्रुप से यूएई और ओमान बाहर हो चुके हैं। गौरतलब है कि ग्रुप मैच में भारतीय टीम पाक को हरा चुकी है।
फखर जमान ने 36 गेंदों में 50 रन ठोके
पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही और सैम अयूब खाता खोले बिना और साहिबजादा फरहान पांच रन बनाकर आउट हो गए। पाक टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। ऐसे में फखर जमान ने अर्धशतक लगाया और टीम को संभालने की कोशिश की। उन्होंने 36 गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों के साथ 50 रन बनाए। कप्तान सलमान अली आगा ने निराश किया और वे दो चौकों के साथ 20 रन ही बना सके। वहीं, यूएई के लिए जुनैद सिद्दकी ने चार ओवर में 18 रन देकर चार और सिमरनजीत ने तीन विकेट झटके।
पाकिस्तान और यूएई के बीच इस मैच पर संकट के बादल उस समय मंडराने लगे, जब पाक टीम मैच शुरू होने से पहले तय समय पर स्टेडियम नहीं पहुंची। दरअसल, ये विवाद उस समय शुरू हुआ, जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आईसीसी से दोबारा मैच रेफरी एंडी पायक्राफ्ट को एशिया कप से बाहर करने की अपील की। आइसीसी ने इस मांग को सिरे से ठुकरा दिया।
पाक को झुकना पड़ा
पीसीबी ने आइसीसी से एक और अपील की और कहा कि यदि पायक्राफ्ट को एशिया कप से नहीं हटाया जा सकता तो उन्हें पाकिस्तान के मैचों में मैच रेफरी की भूमिका नहीं दी गई, पर आईसीसी ने उसकी इस मांग को भी सिरे से खारिज कर दिया। आखिर में पाकिस्तान की एक नहीं चली।
फिर मैच खेलने का फैसला किया आइसीसी पर दबाव बनाने के लिए पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कहा कि टीम यूएई के खिलाफ नहीं खेलेगी। इस पर, आईसीसी ने साफ कर दिया कि मैच नहीं खेलने की स्थिति में पाक को बड़ा वित्तीय नुकसान होगा, तो आखिर में मोहसिन नकवी ने पाकिस्तान टीम को मैच खेलने के लिए कहा।








