Advertisement Carousel

भाजपा की मीडिया बैठक: सरकार की उपलब्धियों के प्रचार और कांग्रेस के आरोपों के जवाब पर फोकस

रायपुर। प्रदेश भाजपा मीडिया विभाग की बैठक रविवार को भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित हुई। बैठक में पार्टी नेताओं ने विपक्ष के द्वारा लगाए गए आरोपों का मुखरता से जवाब देने और सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही बैठक में पद्म विभूषण तीजन बाई और वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन बंजारे के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

बैठक में भाजपा के मुख्य प्रवक्ता संतोष पांडेय ने मीडिया विभाग की गतिविधियों की सराहना की। साथ ही, जिस तरह सभी प्रवक्ता और पैनलिस्ट डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, उसकी भी प्रशंसा की। उन्होंने विपक्ष द्वारा नियमित परोसे जा रहे आरोपों का तथ्यों के साथ इसी तरह निरंतर पर्दाफाश करते रहने का आग्रह भी किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की डबल इंजन की सरकार जिस तरह लगातार जनहित के कार्यों से इतिहास रच रही है, उसे और अधिक प्रखरता के साथ समाज तक ले जाने हम सबको निरंतर सक्रिय रहना है।

बैठक में महामंत्री अखिलेश सोनी ने हालिया कुछ घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि लाख प्रयासों के बावजूद कांग्रेस का झूठ बुरी तरह बेनकाब हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा का विरोध करते-करते कांग्रेस जिस तरह देशद्रोही और सनातन विरोधी हो जाती है, उसकी जितनी निंदा की जाय, वह कम है।

प्रदेश भाजपा के महामंत्री नवीन मार्कण्डेय ने सम्मानपुर समेत हाल के कई घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर षड्यंत्र और झूठ फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हर मंच पर पराजित होने के बाद कांग्रेस अब कुछ यूट्यूबर्स के कंधे पर बंदूक रखकर अपना उल्लू सीधा करना चाहती है। कांग्रेस को अपनी इस स्थिति पर आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्होंने पार्टी के प्रवक्ताओं से लगातार सक्रियता के साथ इन चीजों का खुलासा करते रहने की अपेक्षा की।

इस बैठक में उपस्थित मीडिया सलाहकार पंकज झा और आर कृष्णा दास ने शासन की उपलब्धियों और योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रदेश मीडिया विभाग के संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने विभाग के कार्यों और दैनिक गतिविधियों से अवगत कराया। बैठक में प्रदेश भाजपा के प्रवक्तागण उपस्थित रहे।

पद्म विभूषण तीजन बाई और पत्रकार सुखनंदन बंजारे को दी श्रद्धांजलि

बैठक के समापन पर पद्म विभूषण तीजन बाई और हाल ही में दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन बंजारे को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इससे पहले मुख्य प्रवक्ता संतोष पाण्डेय ने दिवंगत आत्माओं के कृतित्व का स्मरण करते हुए उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।