Advertisement Carousel

CG News : थाने में बीजेपी कार्यकर्ता से मारपीट, वीडियो वायरल होते ही ASI सस्पेंड, FIR भी दर्ज….

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के रतनपुर थाने में केस की जानकारी लेने पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ता से मारपीट का मामला सामने आया है, जहां ASI ने उनकी कनपटी पर 20 थप्पड़ जड़ दिए। इस घटना का VIDEO वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। थाने से ही किसी पुलिस वाले ने वीडियो को जारी किया है। इस मामले में SSP रजनेश सिंह ने ASI दिनेश तिवारी को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही पीड़ित की शिकायत पर उसी थाने में ASI के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है।

जानिए पूरा मामला

दरअसल, रतनपुर के बनियापारा निवासी बीजेपी कार्यकर्ता विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को अपने पुराने केस की जानकारी लेने थाने पहुंचा था। दोपहर करीब 2.30 बजे विनोद की मुलाकात ASI दिनेश तिवारी से हुई। विनोद ने अपने केस की जानकारी मांगी और जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने का आग्रह किया। इसी बात पर ASI नाराज हो गया और मारपीट शुरू कर दी।

विनोद जायसवाल ने बताया कि ASI ने गाली-गलौज करते हुए 15-20 थप्पड़ जड़ दिए। घटना के समय थाने में बाकी स्टाफ भी मौजूद थे। मारपीट के दौरान ASI ने धमकी भी दी कि तू कितना बड़ा नेता है, तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा, तुझे जेल भिजवा दूंगा। इस मामले में जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के एवज में एएसआई पर पैसे मांगने के भी आरोप हैं। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषी पाए जाने पर संबंधित ASI के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।