बालोद। जिले के दल्लीराजहरा में खुशियां मातम में बदल गई। दरअसल, एक शादी समारोह में उस समय सनसनी मच गई, जब डांस करते-करते बीएसपी इंजीनियर गिर गया और उसकी मौत हो गई। हालांकि परिजन उन्हें अस्पताल ले गए लेकिन वहां तक पहुंचने में काफी देर हो चुकी थी। मृतक भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर है। जानकारी के मुताबिक दिलीप राउतकर (52) बीएसपी के दल्ली राजहरा में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर हैं। दिलीप की 10 और 12 साल की दो बेटियां हैं, दोनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
बताया गया कि दिलीप की भांजी की दल्ली राजहरा में ही शादी थी। वो भांजी की शादी को लेकर काफी खुश थे। मंगलवार की रात 12 बजे के करीब दिलीप और उनके रिश्तेदार स्टेज में दूल्हा-दुल्हन के साथ डांस करने लगे। दिलीप इतना नाचे कि अचानक उन्हें सीने में दर्द हुआ लेकिन उन्होंने दर्द को नजरंदाज कर दिया। थोड़ी देर में उन्हें अटैक आया और नाचते-नाचते स्टेज पर वो बैठ गए, फिर वहीं गिर गए। वहां उनके साथ नाच रहे अन्य लोग पहले तो समझ नहीं पाए, लेकिन जब काफी देर बाद भी कोई हलचल नहीं हुई तो ये देखकर घबरा गए। उन्होंने दिलीप को हिलाकर उठाने की कोशिश की लेकिन तब तक दिलीप की सांसे थम गईं। अटैक आने के बाद दिलीप को तुरंत डोंगरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।











