रायपुरः CG Budget 2024 छत्तीसगढ़ में साय सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शुक्रवार को बजट पेश किया। जिसमें बिलासपुर संभाग को 1000 करोड़ से अधिक की सौगात मिली है। इसमें सिम्स मेडिकल कॉलेज अस्पताल के नए भवन के निर्माण के लिए 700 करोड़ का प्रावधान है। शिक्षा विभाग के तहत पीजी हॉस्टल खुलेगा।
वहीं, रायपुर और बिलासपुर स्मार्ट सिटी के लिए 402 करोड़ का प्रावधान किया गया है। अनुमान है कि इसमें बिलासपुर का हिस्सा 200 करोड़ होगा। बजट में रायगढ़ और कोरबा में औद्योगिक विकास की मंशा जाहिर की गई है। जिससे रोजगार और आर्थिक समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।
जानिए संभाग को कहां क्या मिला ?
- महामाया रतनपुर: पांच शक्तिपीठों के विकास के लिए 5 करोड़, इसके तहत महामाया मंदिर रतनपुर का विकास होगा।
- रायगढ़: केलो परियोजना के अंतर्गत रायगढ़ में सिंचाई परियोजनाओं को गति देने के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान CG Budget 2024
- केलो परियोजना: नहर निर्माण कार्य के लिए 100 करोड़ से पूरा किया जाएगा।
- कचरा प्रबंधन की योजनाओं के लिए 400 करोड़ का प्रावधान। इसमें बिलासपुर सहित कई शहरों को अंशदान मिलेगा।
- यूपीएससी की तैयारी के लिए द्वारिका, दिल्ली में यूथ हॉस्टल में 65 बच्चों के सीटों को बढ़ाकर 200 करने का फायदा बिलासपुर को भी मिलेगा।
- संभाग के नए जिलों गौरेला पेंड्रा मरवाही, सक्ती और सारंगढ़ में जिला कार्यालय की स्थापना।
- नालंदा परिसर की तर्ज पर बिलासपुर सहित संभाग के कई शहरों लाइब्रेरी की स्थापना।
- मुंगेली में फास्टट्रैक कोर्ट की स्थापना होगी।
सिम्स अस्पताल की बात करें, तो संभाग के अलावा यहां मध्यप्रदेश की सीमा से लगे अनूपपुर जैसे क्षेत्रों से भी मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। सिम्स अस्पताल 68 साल पुराने सरदार वल्लभ भाई पटेल अस्पताल की बिल्डिंग में संचालित हो रहा है।
हालांकि साल 2000 में सिम्स मेडिकल कॉलेज की घोषणा के साथ ही भवन का विस्तार किया गया, लेकिन इससे स्टूडेंट सहित आमजन को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। पुराना भवन जीर्ण शीर्ण हो चुका है। वहीं, विस्तारित भवन की भी हालत अच्छी नहीं है।
सिम्स के नए भवन से ये सुविधाएं मिलेंगी
सिम्स के डीन डॉ. केके सहारे ने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया कि मेडिकल कॉलेज में अभी 180 छात्र अध्ययनरत हैं। इस हिसाब से लेक्चर हाल छोटे पड़ते हैं। स्टूडेंट की संख्या 200 और बाद में 250 तक की जानी है। तब 750 बेड के अस्पताल का विस्तार करते उसे 900 बेड किया जाएगा। इसके लिए विस्तारित भवन की जरूरत होगी। सिम्स अस्पताल के नए भवन के निर्माण के लिए शासन से कोनी में 45 एकड़ भूमि मिल चुकी है। इसमें से साढ़े तीन एकड़ क्षेत्र में केंद्र सरकार की योजना के तहत 200 करोड़ की लागत से सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल बनकर तैयार है। वहीं 50 करोड़ की लागत से राज्य कैंसर संस्थान निर्माणाधीन है। उन्होंने बताया कि सिम्स के नए भवन के निर्माण से स्टूडेंट के साथ सबसे बड़ा फायदा अंचल के रहवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के रूप में मिलेगा।








