धमतरीः CG Congress Conflict छत्तीसगढ़ में फिर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नाराजगी खुलकर सामने आई है। धमतरी जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में दीपक बैज के सामने ही कार्यकर्ता भड़क गए। उनका कहना था कि, कांग्रेस सरकार में भी 5 साल तक कोई पूछ परख नहीं हुई, जबकि 15 तक हमने ही लाठी-डंडे खाए। नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने दीपक बैज शुक्रवार को धमतरी दौरे पर थे। यहां पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनावी तैयारियों पर मंथन करने वाले थे। इस बीच बैज के पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा।
‘सेटिंग से रेत खदान चल रही’
CG Congress Conflict हंगामा करने पर दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं को शांत बैठने कहा तो और भी कार्यकर्ता भड़क गए। तल्ख लहजे में जब उन्हें शांत बैठने को कहा गया तो कार्यकर्ताओं ने उनकी बात को काटते हुए कहा कि 5 साल में बर्बाद कर दिया अब क्यों शांत बैठें? कार्यकर्ताओं ने कहा, 5 साल में कौन से कार्यकर्ताओं की पूछ-परख हुई है बैज जी। कुछ भी नहीं हुआ सत्ता में। 15 साल हमने लाठी-डंडा खाए फिर भी लगातार कार्यकर्ताओं का अपमान किया गया। 5 साल में लोगों ने कांग्रेस को खत्म कर दिया। 40 साल से हम कांग्रेस से जुड़े हैं। इस बीच एक कार्यकर्ता ने कहा कि, अभी भी यहां सेटिंग से रेट खदान चल रही है।
बैज ने कार्यकर्ताओं को मुलाकात का दिया आश्वासन
दीपक बैज के कई प्रयासों के बाद भी जब कांग्रेसी कार्यकर्ता शांत नहीं हुए तब पीसीसी चीफ ने इन कार्यकर्ताओं को अलग से मिलने का आश्वासन दिया। बैज ने मंच से कहा कि, कृपया आप लोग शांत रहिए मैं आप लोगों से अलग से मुलाकात करूंगा। 5 मिनट मैं आप लोगों को अलग से समय दूंगा और आपकी बात सुनूंगा। इसके बाद कार्यकर्ता शांत हुए।








