CG Morning News : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को दुर्ग-भिलाई दौरे पर रहेंगे. जहां वे दुर्ग-भिलाई में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. दोपहर लगभग करीब 12 बजे रायपुर से दुर्ग के लिए रवाना होंगे. दुर्ग में हल्बा आदिवासी समाज के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय शामिल होंगे. भिलाई के जयंती स्टेडियम में आयोजित दिव्य हनुमंत कथा में शामिल होंगे. वहीं भिलाई में आयोजित अंतर जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. इसके बाद वे शाम करीब साढ़े 4 बजे भिलाई से वापस रायपुर लौटेंगे
दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी ‘वृत्तांत’ आज से
रायपुर. महंत घासीदास मेमोरियल म्यूजियम स्थित आर्ट गैलरी में दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी आज से प्रारंभ हो रही है. युवा छायाचित्रकार वृतांत गर्ग द्वारा इस प्रदर्शनी में अपनी तस्वीरें प्रदर्शित की जाएंगी. शनिवार दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक तथा रविवार को सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक आमजनों के निरीक्षण के लिए यह प्रदर्शनी खुली रहेगी.
अनियमित और सफाई कर्मचारियों का आज ‘लेबो नियमितीकरण’
रायपुर। प्रदेश के अनियमित व स्कूल सफाई कर्मचारी 28 दिसंबर शनिवार को नवा रायपुर स्थित तूता धरना स्थल में एक दिवसीय जंगी प्रदर्शन करेंगे. इस प्रदर्शन को ‘लेबो नियमितीकरण’ आंदोलन का नाम दिया गया है. इसी प्रदर्शन में आगामी 29 से 31 दिसंबर को कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन द्वारा आहूत काम बंद हड़ताल को समर्थन भी दिया जाएगा. अनियमित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अंशकालिक स्कूल सफाई कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष संतोष खांडेकर और पूर्व कर्मचारी नेता विजय झा ने शुक्रवार को एक संयुक्त बयान जारी कर बताया कि विगत 15-20 वर्षों से अनियमित कर्मचारी उपेक्षा व वादाखिलाफी का शिकार हो रहे हैं. भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों ने नियमितीकरण को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया, हमेशा नियमितीकरण के नाम पर धोखा दिया है. कर्मचारी नेताओं ने कहा कि नियमितीकरण की मांग पर केवल कमेटियां बनाई गई. वहीं दूसरी ओर ठेका प्रथा, प्लेसमेंट, संविदा प्रथा लगातार जारी रखी. इससे अनियमित कर्मचारियों का आधा जीवन बर्बाद गया. यही वजह है कि 28 दिसंबर को एक बार फिर नियमितीकरण की मांग को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी.










