CG Morning News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज कई जिलों के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 11:00 बजे रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर 11:10 बजे हेलीकॉप्टर से कवर्धा पहुंचेंगे। यहां से ग्राम जुनवानी और सेमरिया में कार्यक्रमों में शामिल होंगे, जहां दोपहर 1:35 बजे वीरांगना अवंति बाई लोधी के बलिदान दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद वे दोपहर में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम ओड़ान पहुंचकर गौड़वाना आदर्श सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 4:30 बजे रायपुर लौटेंगे और बाद में शाम 6:05 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
प्रदेशभर में आज भी खुला रहेगा पंजीयन कार्यालय
प्रदेशभर में आज पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे और छुट्टी के दिन भी रजिस्ट्री का काम जारी रहेगा। वित्तीय वर्ष का अंतिम सप्ताह होने के कारण यह निर्णय लिया गया है, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। बताया गया है कि 28 मार्च, 29 मार्च और 31 मार्च को भी रजिस्ट्री दफ्तर खुले रहेंगे। इस दौरान रजिस्ट्री सहित अन्य सभी संबंधित सेवाएं आम दिनों की तरह उपलब्ध रहेंगी।
कांग्रेस का ‘मिशन गाँव चलो’ अभियान तेज, कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों का दौर
कांग्रेस का ‘मिशन गाँव चलो’ अभियान प्रदेश में तेज हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठक कर रहे हैं और पंचायत व बूथ स्तर तक पहुंचकर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज वे धरमजयगढ़, लैलूंगा, पत्थलगांव और कुनकुरी विधानसभा क्षेत्रों में बैठक लेंगे। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं से चर्चा कर जमीनी स्थिति की जानकारी लेंगे और संगठन को मजबूत करने के मुद्दों पर भी विस्तार से बातचीत करेंगे।
राजधानी में निकाली गई रथ में विराजित गणगौर की रंगारंग शोभायात्रा
रायपुर। माहेश्वरी सभा द्वारा पारंपरिक पर्व गणगौर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गोपाल मंदिर, सदर बाजार में माता गवरजा और ईसर जी की पूजा-अर्चना के बाद युगल प्रतिमा को आकर्षक रथ में विराजित कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
यह शोभायात्रा कोतवाली चौक, मेघ मार्केट, बिजली ऑफिस चौक, सप्रे स्कूल, गणेश मंदिर चौक और बूढ़ापारा होते हुए पुनः गोपाल मंदिर पहुंची। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में शामिल हुए और भजन-कीर्तन के साथ माहौल भक्तिमय बना रहा।
मार्ग में कई स्थानों पर प्रतिमा का पुष्पहारों से स्वागत किया गया, वहीं महिलाओं और युवतियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। करीब तीन घंटे तक चले इस आयोजन में माहेश्वरी सभा के पदाधिकारी, महिला समिति, युवा संगठन और समाज के गणमान्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
रायपुर में आज होने वाले विभिन्न सामाजिक और धार्मिक आयोजन
जैन संघटना का राज्य अधिवेशन
भारतीय जैन संघटना की छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा विमतारा भवन, शांतिनगर-इंद्रावती कॉलोनी में सुबह 9:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
योग-ध्यान-प्राणायाम व अन्य गतिविधियां
विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी की रायपुर शाखा द्वारा डीडीयू नगर स्थित ज्ञानदीप अकादमी (अप्पू स्वीट्स के पीछे) में सुबह 6 से 7:30 बजे तक योग, ध्यान, प्राणायाम के साथ डांस, पेंटिंग और खेलकूद के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्याम संकीर्तन महोत्सव
ताली कीर्तन ग्रुप द्वारा द रेड ऑक, टाटीबंध में शाम 6 बजे से आयोजन होगा।






