CG Morning News : रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज असम में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके अलावा वह रायपुर लौटने के बाद शाम को भाजपा की कोर ग्रुप बैठक में शामिल होंगे.जारी कार्यक्रम के मुताबिक, वह शाम 5:40 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से रवाना होंगे. करीब 5 बजकर 55 मिनट पर भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचेंगे. यहां वह शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाली भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक में शामिल होंगे. रात 10:05 बजे मुख्यमंत्री निवास के लिए वापस रवाना हो जाएंगे.
आज भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की बैठक
रायपुर. भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मंगलवार को प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप की बैठक होगी. इसमें शामिल होने के लिए राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश रायपुर पहुंचे हैं. वहीं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री पवन साय, महामंत्री यशवंत जैन, नवीन मार्कंडेय, अखिलेश सोनी सहित सभी पदाधिकारी शामिल होंगे. इसके ठीक बाद कोर ग्रुप की बैठक होगी कोर ग्रुप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव भी शामिल होंगे. कोर ग्रुप में डॉ. रमन सिंह भी हैं, लेकिन अब वे विधानसभा के अध्यक्ष बन गए हैं तो वे भी इस बैठक में शामिल नहीं होंगे. प्रदेश प्रभारी होने के नाते नितिन नवीन भी कोर ग्रुप में हैं, लेकिन अब राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं, तो वे भी इस बैठक में नहीं रहेंगे. बाकी कोर ग्रुप के सदस्य बैठक में रहेंगे. कोर ग्रुप में कार्यसमिति के एजेंडों पर चर्चा करके अंतिम मुहर लगाई जाएगी. इन एजेंडों पर बुधवार को कार्यसमिति में चर्चा होगी.
प्रधानमंत्री मोदी परिस्थितियों से डरकर सरेंडर कर रहे : बैज
रायपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश के नागरिकों से सोना नहीं खरीदने और पेट्रोल, डीजल बचाने की अपील पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी स्थितियों के सामने सरेंडर कर रहे हैं और अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं. प्रधानमंत्री अपनी विफलता को देशभक्ति से जोड़कर जनता को बेवकूफ बना रहे हैं. यदि देश में पेट्रोलियम, डीजल का संकट है, तो उसके पीछे मोदी सरकार की विफल नीतियां हैं. मोदी सरकार ने अपनी विदेश नीति को भारत की पारंपरिक विदेश नीति को अपनायी होती, तो रूस जैसे भारत के पारंपरिक मित्र के साथ खड़े होते, अमेरिका-ईरान युद्ध में भारत का झुकाव अनावश्यक रूप से अमेरिका के साथ नहीं होता, तो देश के सामने पेट्रोलियम की कमी नहीं आती. उन्होंने कहा, मोदी की अपील के बाद भाजपाई, मंत्री, विधायक, पदाधिकारी, साइकिल से चलें डीजल-पेट्रोल बचायें प्रधानमंत्री की सलाह पर अमल पहले उनके दल के लोगों को करना चाहिए, उसके बाद आम जनता से अपेक्षा करें .
पीएम श्री अभनपुर में कक्षा 1 में प्रवेश के लिए लॉटरी आज
अभनपुर. पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय अभनपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु कक्षा पहली में प्रवेश के लिए 14 मई को सुबह 11 बजे ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी. विद्यालय में 43 सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया होगी. जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर द्वारा सुनीता सिसोदिया प्राचार्य सेजेस खोरपा को प्रतिनिधि अधिकारी नियुक्त किया गया है. विद्यालय प्रबंधन ने पालकों से निर्धारित समय पर उपस्थित रहने की अपील की है.











