CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज पश्चिम बंगाल दौरे पर रहेंगे. वह 9 मई को पश्चिम बंगाल के नई भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. सीएम आज शाम 7 बजे रायपुर से पश्चिम बंगाल के लिए रवाना होंगे. वह आज रात कोलकाता में ही रात्रि विश्राम करेंगे.
विभागीय समीक्षा में व्यस्थ रहेंगे उपमुख्यमंत्री साव
रायपुर. उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करेंगे. निर्माण कार्यों की समीक्षा का आज दूसरा दिन है. नवा रायपुर स्थित सर्किट हाऊस में विभागीय कार्यों की समीक्षा करेंगे. आज पांचों संभागों में सड़कों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की जाएगी.
राजधानी में कांग्रेस करेगी प्रदर्शन
रायपुर. राजधानी में आज स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन होने वाला है. जिला अस्पताल और हमर अस्पताल के हालत को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा. आज सुबह साढ़े 11 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता सीएमओ कार्यालय का घेराव करेंगे. कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार मेनन के नेतृत्व में यह प्रदर्शन होगा.
परिणय सूत्र में बंधेंगे 23 सौ से ज्यादा जोड़े
रायपुर. छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिलों में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा. इस प्रदेशव्यापी आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और प्रशासनिक अमला वैवाहिक कार्यक्रम की व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटा है. सामूहिक विवाह समारोह में विभिन्न धर्मों व समुदायों के 2300 से अधिक जोड़े अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह सूत्र में बंधेंगे. इस आयोजन में हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध सहित विशेष पिछड़ी जनजातियों के जोड़ों की सहभागिता, छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक समरसता का उदाहरण बनेगा.
बीजापुर में लगेगा जनसमस्या निवारण शिविर
बीजापुर. नगरपालिका क्षेत्र में कुल सात वार्डों के नागरिकों के लिए सुशासन तिहार अन्तर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन आज वार्ड क्रमांक 11 में पुलिस थाना के समीप दुर्गा पंडाल में आयोजित होगा. सम्मिलित वार्ड शहीद बुधराम राना नगर वार्ड क्रमांक 01, पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्रमांक 02, बीजा हल्बा वार्ड क्रमांक 03, महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 04 प्रवीर चन्द्र वार्ड क्रमांक 13, चिकट राज वार्ड क्रमांक 14, शहीद नारायण नगर वार्ड क्रमांक 15 के नागरिक अपनी मांगों और समस्या के संबंध में आवेदन दे सकेंगे. उक्त शिविर का नोडल अधिकारी तहसीलदार बीजापुर पंचराम सलामे और सहायक नोडल अधिकारी श्रुति बंसोर को बनाया गया है.










