Advertisement Carousel

CG Morning News: CM साय का जशपुर दौरा आज… सुशासन तिहार की आज से शुरुआत… पायलट लेंगे मैराथन बैठक… पढ़ें और भी खबरें

CG Morning News: रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर दौरे पर रहेंगे. जहां वह आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे रायपुर से बगिया के लिए रवाना होंगे. बगिया में दोपहर 1 बजे समृद्धि एम-कैड निर्माण कार्य का शुभारंभ करेंगे. वे दोपहर 3.15 बजे विकासखंड कुनकुरी के ग्राम बंदरचुआं पहुंचकर अपने निज सहायक दीपक अंधारे के चचेरे भाई स्वर्गीय विवेक अंधारे के आकस्मिक निधन पर आयोजित ब्रह्मभोज कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे. शाम 4:30 बजे बगिया से रायपुर के लिए रवाना होंगे. इसके बाद शाम करीब 5:30 बजे वापस रायपुर पहुंचेंगे.

CM ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस की दी बधाई

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर प्रदेश के सभी श्रमवीरों को शुभकामनाएं दी. श्रमवीरों के सुखमय, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की. मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि श्रमिक वर्ग किसी भी राज्य और राष्ट्र की उन्नति का मूल आधार है. कृषि, उद्योग, निर्माण एवं सेवा क्षेत्र सहित प्रत्येक क्षेत्र में श्रमिकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है.समावेशी एवं सतत विकास की संकल्पना तभी साकार हो सकती है, जब श्रमिकों को सम्मान, सुरक्षा एवं अवसर प्राप्त हों. राज्य सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण विकास, सामाजिक सुरक्षा तथा आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रयासरत है.

सुशासन तिहार की आज से शुरुआत

रायपुर. प्रदेशभर में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए सुशासन तिहार 2026 आज यानी शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है. इस अभियान के तहत 10 जून तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जन समस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे, जहां उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुनने के बाद समाधान किया जाएगा. अभियान के दौरान मुख्यमंत्री साय का हेलिकॉप्टर कहीं भी उतर सकता है. वह स्वयं विभिन्न जिलों का दौरा कर करेंगे.

पायलट लेंगे मैराथन बैठक

रायपुर. छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सचिन पायलट शुक्रवार को कांग्रेस संगठन और विधायकों की मैराथन बैठक लेकर पार्टी का परफार्मेस जांचेंगे. सचिन पायलट गुरुवार देर शाम राजधानी पहुंचे. माना विमानतन पर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया. कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शुक्रवार को सुबह 10 बजे प्रभारी सचिन पायलट की कांग्रेस विधायकों से चर्चा करेंगे. उनकी बैठक के बाद 12 बजे जिला कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक लेंगे. जिला अध्यक्षों के तीन माह का कामकाज पूरा होने पर उनके काम की समीक्षा करेंगे. जिला अध्यक्षों को पार्टी की आगामी कामकाज की रणनीति से अवगत कराएंगे. साथ ही उन्हें आने वाले समय का लक्ष्य देंगे. जिला अध्यक्षों की बैठक के बाद दोपहर 2 बजे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक लेंगे. ब्लॉक अध्यक्षों से बूथ और वार्ड समितियों के गठन पर चर्चा करेंगे.