Advertisement Carousel

CG Morning News : साय कैबिनेट की होगी बैठक… CM साय आज जाएंगे दिल्ली… गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों पर आज कांग्रेस का प्रदर्शन… शहीद आकाश राव गिरेपुंजे की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा… पढ़ें और भी खबरें

CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज सुबह 11 बजे मंत्रालय में राज्य मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी. बैठक में खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों के लिए खाद और बीज की उपलब्धता की समीक्षा किए जाने की संभावना है. इसके अलावा प्रदेश में स्थानांतरण (ट्रांसफर) पर लगे प्रतिबंध को हटाने समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों चर्चा की जा सकती है.

CM साय आज जाएंगे दिल्ली

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शाम दिल्ली जाएंगे. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, सुबह 11 बजे से 1 बजे तक महानदी भवन (मंत्रालय) में बुलाई गई कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे. इसके बाद सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ करेंगे. साथ ही सीएम हेल्पलाइन कॉल सेंटर का अवलोकन भी करेंगे. वहीं शाम 6 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. जहां से वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे. दिल्ली में उनका रात्रि विश्राम छत्तीसगढ़ सदन में होगा.

गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों पर आज कांग्रेस का प्रदर्शन

रायपुर. रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस आज रायपुर में विरोध प्रदर्शन करेगी. शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सुबह 11 बजे वीआईपी चौक स्थित इंडियन ऑयल कार्यालय के सामने प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर महंगाई के मुद्दे पर विरोध जताएंगे. शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूद रहने की संभावना है. कांग्रेस का आरोप है कि लगातार बढ़ती ईंधन और रसोई गैस की कीमतों से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जबकि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है.

शहीद आकाश राव गिरेपुंजे की पुण्यतिथि पर आज सभा

रायपुर. शहीद आकाश राव गिरेपुंजे की प्रथम पुण्यतिथि पर 9 जून को श्रद्धांजलि सभा होगी. कार्यक्रम लाखेनगर चौक में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक होगा. इस दौरान परिजन, शुभचिंतक और क्षेत्र के नागरिक शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम में शहीद गिरेपुंजे के जीवन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा में दिए गए योगदान को याद किया जाएगा. बता दें कि सुकमा के कोंटा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहीद गिरेपूंजे 9 जून 2025 को शहीद हो गए थे.

नारी वंदन कार्यक्रम आज

रायपुर. कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) रायपुर महिला विंग द्वारा 9 जून को महिला उद्यमियों के लिए ‘नारी वंदन 2026’ का आयोजन किया गया है. कार्यक्रम शाम 5 बजे से 7 बजे तक पघारिया कॉम्प्लेक्स स्थित कैट कार्यालय में होगा. कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को एक ऑनलाइन बैठक की गई. बैठक में प्रदेशभर की महिला पदाधिकारियों, उद्यमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. इस मौके पर महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष मधु अरोड़ा, पिंकी अग्रवाल, प्रेरणा भट्ट, निहारिका त्रिपाठी, डॉ. प्रदीपा, नीलम दिवाकीर्ति, डॉ. प्रिया जोशी, डॉ. अंकिता जोशी, श्रावणी चटर्जी, एकता ठाकुर मौजूद थीं.