Advertisement Carousel

CG Morning News : अमित शाह के बस्तर दौरे का दूसरा दिन… मध्यक्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आज, 4 राज्यों के CM होंगे शामिल… कांग्रेस बोली- कौशिक के साथ लूट सरकार के मुंह पर करारा तमाचा… जेल से आज छूट सकते हैं रिटायर्ड IAS टुटेजा… पढ़ें और भी खबरें

CG Morning News : रायपुर. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे का दूसरा दिन है. मंगलवार को गृहमंत्री शाह की अध्यक्षता में मध्यक्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक होने वाली है, जिसमें 4 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे. बैठक के बाद शाह दोपहर तीन बजे प्रेस कांफ्रेंस करेंगे. इसमें बस्तर के लिए विशेष पैकेज की घोषणा की उम्मीद है. वहीं दोपहर 3:45 बजे वह अमित शाह जगदलपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.

CG Morning News : मध्यक्षेत्रीय परिषद की बैठक आज
रायपुर. छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आज मध्यक्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक होगी. सुबह 11 बजे बैठक की शुरुआत होगी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बैठक की अध्यक्षता करेंगे. यूपी, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे.
राज्य के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव समेत कई आला अधिकारी मौजूद रहेंगे. इसमें राज्य के बीच प्रशासनिक समन्वय और नीतिगत मामलों पर चर्चा होगी.

जगदलपुर दौरे पर रहेंगे सीएम साय
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जगदलपुर दौरे का दूसरा दिन है. सुबह 11 बजे केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे. शाम 5 बजे जगदलपुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे. सीएम साय शाम 6.05 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. वहीं शाम 6.25 को सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे.

कांग्रेस बोली- कौशिक के साथ लूट सरकार के मुंह पर करारा तमाचा
रायपुर. प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि राजधानी रायपुर में बेहद चिंताजनक घटना घटी, यह घटना डरावनी है, झकझोर कर रख देने वाली है. प्रदेश के वरिष्ठ राजनेता विधायक धरमलाल कौशिक के साथ सरेआम लूट की घटना हो गयी, जब वे अपने निवास के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, लुटेरे उनका मोबाइल छीनकर भाग गए. यह घटना जब हुई है उस समय देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजधानी में थे और राजधानी हाई अलर्ट पर है. ऐसे समय पर घटना छत्तीसगढ़ पुलिस, रायपुर पुलिस कमिश्नरी और प्रदेश के गृहमंत्री के गाल पर करारा तमाचा है. धरमलाल कौशिक छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके हैं, उनके साथ लूट होना सामान्य घटना नहीं है. राजधानी की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था को सुधारने के नाम पर सरकार ने राजधानी में पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू की थी, राजधानी की कानून व्यवस्था में कोई सुधार तो नहीं हुआ, कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के कारण नागरिकों की परेशानी जरूर बढ़ गई. रायपुर कमिश्नरी के जिम्मेदार अधिकारियों को यह अहसास कराया जाना चाहिए कि उनका काम केवल जनता को परेशान करना नहीं, अपराधों पर अंकुश लगाना भी है.

जेल से आज छूट सकते हैं रिटायर्ड IAS टुटेजा
रायपुर. डीएमएफ घोटाले में जेल में बंद रिटायर आईएएस अनिल टुटेजा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जोयमाल्या बागची की बेंच ने सोमवार को उनकी जमानत याचिका मंजूर कर ली. कोर्ट ने लंबी कस्टडी अवधि और ट्रायल में हो रही देरी को राहत का आधार माना है. इस मामले में 80 से अधिक गवाहों के बयान अभी बाकी हैं. कोर्ट ने टुटेजा को सख्त शर्तों के साथ जमानत दी है. टुटेजा करीब 2 साल 28 दिनों तक जेल में रहने के बाद मंगलवार देर शाम रिहा हो सकते हैं. सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि टुटेजा प्रभावशाली व्यक्ति हैं और गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं.

CCPL सीजन-3 का जर्सी लॉन्च आज
रायपुर. छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन का औपचारिक आगाज मंगलवार को होगा. इस मौके पर नवा रायपुर स्थित होटल रिसॉर्ट में शाम 5:30 बजे टीम, जर्सी और ट्रॉफी का अनावरण किया जाएगा. जानकारों ने बताया कि सीजन-3 की शुरुआत 3 से 14 जून तक शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में किया जाएगा. संघ अध्यक्ष वी. मोहन दास ने बताया कि सीजन-3 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. लॉन्च कार्यक्रम में खेल जगत की कई हस्तियां शामिल होंगी.