Advertisement Carousel

CG News: E20 ईंधन विवाद में मारुति सुजुकी का बड़ा फैसला, रायपुर उपभोक्ता आयोग के आदेश को देगी चुनौती

छत्तीसगढ़ में E20 ईंधन से जुड़े मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मारुति सुजुकी ने रायपुर जिला उपभोक्ता आयोग के उस आदेश को उच्च मंच पर चुनौती देने का फैसला किया है, जिसमें कंपनी को ग्राहक की ग्रैंड विटारा कार बदलकर नई E20 कम्पैटिबल गाड़ी देने का निर्देश दिया गया था।

उपभोक्ता आयोग ने दिया था वाहन बदलने का आदेश

जिला उपभोक्ता आयोग ने अपने फैसले में माना था कि ग्राहक को बेची गई ग्रैंड विटारा कार E20 ईंधन के अनुरूप नहीं थी। इसी आधार पर आयोग ने कंपनी को वाहन बदलकर नई E20 कम्पैटिबल कार उपलब्ध कराने का आदेश दिया था।

कंपनी ने फैसले पर जताई आपत्ति

CG News: मारुति सुजुकी ने आयोग के निष्कर्ष से असहमति जताते हुए कहा है कि संबंधित ग्रैंड विटारा मॉडल पूरी तरह E20 ईंधन के अनुकूल है। कंपनी का दावा है कि इसकी स्पष्ट जानकारी वाहन के ओनर मैनुअल में पहले से दर्ज है और ग्राहक को भी इसकी जानकारी उपलब्ध कराई गई थी।

ईंधन में मिलावट का भी किया दावा

कंपनी के अनुसार इस मामले में इस्तेमाल किए गए ईंधन में मिलावट के प्रमाण मौजूद थे। मारुति सुजुकी का कहना है कि आयोग ने अपने फैसले में इस महत्वपूर्ण पहलू पर पर्याप्त विचार नहीं किया, जिसके कारण निर्णय तथ्यों के अनुरूप नहीं है।

उच्च मंच पर कानूनी लड़ाई लड़ेगी कंपनी

मारुति सुजुकी ने स्पष्ट किया है कि वह उपभोक्ता आयोग के आदेश के खिलाफ सक्षम उच्च मंच पर अपील दायर करेगी। कंपनी ने यह भी दोहराया कि वह अपने सभी वाहनों में गुणवत्ता, इंजीनियरिंग, सुरक्षा और ग्राहकों की संतुष्टि से जुड़े उच्च मानकों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है।