Advertisement Carousel

CG News : करोड़ों की अधूरी सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन…

CG News : कांकेर. कांकेर नगर के घड़ी चौक से ग्राम पंडरी पानी तक बन रही करोड़ों की सड़क अब ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गई है. करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बन रहे सड़क निर्माण कार्य के अधूरे रहने पर आज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई.

ग्रामीणों का कहना है कि साल 2024-25 से सड़क निर्माण कार्य जारी है, लेकिन लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार की लापरवाही के चलते अब तक सड़क पूरी नहीं हो सकी है. अधूरी सड़क की वजह से लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हादसों और धूल की समस्या ने ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. कई बार मंत्री और जिला प्रशासन को अपनी समस्या बता चुके हैं, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ. सड़क अधूरी होने से गांव के लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है.

ग्रामीणों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी और ठेकेदार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ. मौके पर पहुंचे अधिकारी ने बताया कि डामर की कमी होने के कारण सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है. जल्द ही सामग्री उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य पूरा कर लोगों की समस्या दूर की जाएगी.

अब सवाल यह है कि 3 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बन रही यह सड़क आखिर कब तक पूरी हो पाएगी और ग्रामीणों को कब राहत मिलेगी. फिलहाल ग्रामीणों का गुस्सा प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है.