Advertisement Carousel

CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में फिर बिगड़ेगा मौसम का मिजाज, इन जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा

छत्तीसगढ़ : मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। कई इलाकों में बारिश के कारण जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है, जबकि नदी और नालों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इस दौरान हवा की गति करीब 16 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इन जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बलरामपुर, सरगुजा, मनेंद्रगढ़, सूरजपुर, रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद में तेज बारिश की संभावना जताई है। इन इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।रायपुर में 4 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में सरगुजा संभाग के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पोंडी बचरा में सबसे ज्यादा 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

रायपुर और बस्तर में भी बरसेंगे बादल

रायपुर और बस्तर संभाग में आज मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है। कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।बस्तर संभाग में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति बनी हुई है। वहीं कई नदी-नालों का जलस्तर भी बढ़ गया है।

बस्तर के सातों जिलों में बारिश की संभावना

आज बस्तर संभाग के सभी सात जिलों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार बस्तर, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, नारायणपुर और कांकेर में मानसून सक्रिय रहने की वजह से कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश हो सकती है।कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे मौसम में लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचना चाहिए।